गौतमबुद्धनगर में दुग्धशाला विकास विभाग की स्वर्ण जयंती पर कार्यक्रम आयोजित, किसानों और पशुपालकों को योजनाओं की दी गई जानकारी

top-news
गौतमबुद्धनगर में दुग्धशाला विकास विभाग के स्वर्ण जयंती वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के चयनित लाभार्थियों को चयन पत्र भी वितरित किए गए।

उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस संयुक्त कार्यक्रम में दुग्धशाला विकास विभाग और पशुपालन विभाग ने किसानों, पशुपालकों तथा स्वयं सहायता समूहों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य और टीकाकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के लाभार्थियों को चयन एवं अनुमति पत्र भी वितरित किए गए।


लाभार्थियों को मिले चयन पत्र, योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना की ई-लॉटरी में चयनित लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी ने चयन पत्र और अनुमति पत्र प्रदान किए। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन, संतुलित चारा व्यवस्था, पशुपालन से आय बढ़ाने के उपाय तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की गई।


50 वर्षों की विकास यात्रा और टीकाकरण पर दिखाई गई फिल्में

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से दुग्ध आयुक्त धन लक्ष्मी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। साथ ही जूम के जरिए उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की 50 वर्षों की विकास यात्रा और पशु रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन और रोगों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया।


विशेषज्ञों ने बताए पशुपालन और ऋण योजनाओं के लाभ

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार सचान, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र डॉ. विपिन कुमार और वैज्ञानिक डॉ. कुमार घनश्याम ने पशुओं के रखरखाव, चारा प्रबंधन, रोग नियंत्रण और टीकाकरण की उपयोगी जानकारी साझा की। वहीं नाबार्ड की जिला विकास अधिकारी अलका और एलडीएम ने किसानों को कृषि ऋण तथा किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने विभागीय योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए किसानों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *