दिल्ली पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की साइबर ठगी
- Shiv Kumar
- 05 Aug, 2026
शेयर बाजार और फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। द्वारका जिला साइबर थाना पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रहे फर्जी निवेश कॉल सेंटर पर छापा मारकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 17.30 लाख रुपये की साइबर ठगी की जांच के दौरान की गई। पुलिस ने मौके से 28 सीपीयू, 25 मोबाइल फोन, दो वाई-फाई राउटर, एक डीवीआर और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग कैमरा बरामद किया है। जांच में 1,400 से अधिक फाइलें मिली हैं, जिनमें हजारों लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी सुरक्षित पाई गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जीतते थे भरोसा, फिर लाखों रुपये की ठगी
पुलिस के अनुसार, उत्तम नगर निवासी एक व्यक्ति ने 5 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे पहले भारतीय शेयर बाजार में निवेश के नाम पर भरोसा दिलाया गया। इसके बाद फर्जी फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया गया। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नकली लाभ दिखाकर बार-बार पैसे जमा कराए गए। जब पीड़ित ने अपनी जमा राशि और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो अलग-अलग बहाने बनाए गए और बाद में ट्रेडिंग में नुकसान दिखाकर करीब 17.30 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस इंदौर पहुंची और मारी माता चौक के पास संचालित फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
देशभर के हजारों निवेशकों का डेटा मिला, मास्टरमाइंड की तलाश जारी
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों का डेटा अवैध रूप से खरीदते थे। इसके बाद उन्हें फोन कर निवेश के लिए तैयार किया जाता था और बाद में फर्जी अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी को अंजाम दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें 10 हजार से 14,500 रुपये मासिक वेतन के साथ ठगी की रकम पर करीब 10 प्रतिशत कमीशन भी दिया जाता था। पुलिस को जब्त कंप्यूटरों से मिले डेटा के विश्लेषण में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक और बिहार समेत कई राज्यों से जुड़ी 54.70 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की शिकायतों का लिंक मिला है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






