नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बड़ी कनेक्टिविटी योजना, दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले 50 किमी एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का रूट तय
- Shiv Kumar
- 05 Aug, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली से सीधे जोड़ने की दिशा में एक और बड़ी पहल हुई है। करीब 50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का रूट डिजाइन अंतिम रूप से तैयार कर संबंधित प्राधिकरण को भेज दिया गया है। प्रस्तावित एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम क्षेत्र से शुरू होकर नोएडा के सेक्टर-94, सेक्टर-150, मंझावली पुल और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-21ए तक पहुंचेगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और हरियाणा के फरीदाबाद से एयरपोर्ट तक सफर पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो जाएगा। करीब 4 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तैयार करेगा और इसके निर्माण के साथ रखरखाव की जिम्मेदारी भी उसी के पास होगी।
रूट डिजाइन तैयार, 25 गांवों की जमीन होगी शामिल
एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का लगभग 27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा क्षेत्र से होकर गुजरेगा। इसके निर्माण के लिए नोएडा के 22 और ग्रेटर नोएडा के 3 गांवों की जमीन प्रभावित होगी। पहले इस मार्ग को सिंचाई विभाग के पुश्ते के ऊपर से ले जाने की योजना थी, लेकिन मंजूरी नहीं मिलने के बाद डिजाइन में बदलाव किया गया। अब एक्सप्रेसवे को पुश्ते से करीब 5 मीटर दूर नोएडा की ओर जमीन पर एलिवेटेड स्वरूप में बनाया जाएगा। पूरा मार्ग छह लेन का होगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। प्राधिकरण का मानना है कि यह परियोजना एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को नई गति देगी।
दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद दिल्ली के अक्षरधाम, मयूर विहार, पड़पड़गंज, कालिंदी कुंज और सरिता विहार जैसे इलाकों से एयरपोर्ट तक पहुंचने में काफी कम समय लगेगा। वहीं मंझावली पुल से जुड़ाव होने के कारण हरियाणा के फरीदाबाद के लोगों को भी सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार रूट फाइनल होने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके बाद मिट्टी की क्षमता जांचने के लिए सॉयल टेस्ट किया जाएगा। रिपोर्ट पूरी होने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में अगली कार्रवाई की जाएगी। माना जा रहा है कि यह परियोजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रमुख इलाकों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






