इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' का ट्रेलर रिलीज, दमदार एक्शन और शबाना आजमी के विलेन अवतार ने बढ़ाया रोमांच
- Shiv Kumar
- 06 Aug, 2026
साल 2007 की सुपरहिट फिल्म आवारापन के प्रशंसकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मेकर्स ने आवारापन 2 का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। एक्शन, इमोशन और सस्पेंस से भरपूर यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
एक्शन, सस्पेंस और बदले की कहानी ने बढ़ाया रोमांच
करीब 1 मिनट 25 सेकेंड के ट्रेलर में शिवम पंडित पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक और मजबूत अंदाज में नजर आते हैं। इस बार उनका किरदार एक खास मिशन और बदले की भावना के साथ लौटता दिखाई देता है। दिशा पाटनी का भी एक नया एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है, जहां वह हथियारों के साथ दमदार स्टंट करती नजर आती हैं। वहीं, शबाना आजमी मुख्य खलनायक की भूमिका निभाकर कहानी में नया मोड़ लाती हैं। ट्रेलर के साथ मेकर्स ने लिखा कि दर्शकों ने शिवम का दर्द देखा था, अब उसके गुस्से का सामना करने के लिए तैयार रहें।
पहली फिल्म के क्लाइमेक्स से आगे बढ़ेगी कहानी
आवारापन 2 की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी। पहले भाग में शिवम को गोली लगने के बाद उसकी मौत मान ली गई थी, लेकिन सीक्वल में खुलासा होता है कि वह जीवित बच गया था। ट्रेलर में तिब्बती लामा द्वारा उसके इलाज की झलक दिखाई गई है। बैकग्राउंड में इमरान हाशमी की आवाज गूंजती है कि "मौत ने मुझे छुआ जरूर, लेकिन अपनाया नहीं।" यही संवाद कहानी को नई दिशा देता है और शिवम की नई लड़ाई की शुरुआत करता है।
14 अगस्त को रिलीज, सनी देओल की फिल्म से होगी टक्कर
फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया है। रिलीज से पहले बोर्ड ने कुछ बदलावों के निर्देश भी दिए हैं। आवारापन 2 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर इसकी सीधी टक्कर सनी देओल की फिल्म बटवारा 1947 से होगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
संगीत में पुराने गानों का मिलेगा नया अंदाज
आवारापन फ्रेंचाइजी अपने यादगार संगीत के लिए भी मशहूर रही है। इस बार भी फिल्म के म्यूजिक पर खास ध्यान दिया गया है। वे जुनून और यह आवारापन जैसे नए गाने पहले ही रिलीज हो चुके हैं। मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक, अंकित सचदेव और वासिफ अहमद ने फिल्म के संगीत पर काम किया है। इसके अलावा पहली फिल्म के लोकप्रिय गाने तेरा मेरा रिश्ता और तो फिर आओ के नए संस्करण भी फिल्म में शामिल किए गए हैं, जो पुराने प्रशंसकों के लिए खास आकर्षण होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






