Breaking News

ग्रेटर नोएडा का शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम फिर होगा गुलजार, 210 रुपये सालाना शुल्क पर मिलेगी स्पोर्ट्स कोचिंग की सुविधा

top-news
गौतमबुद्धनगर में शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को दोबारा आमजन के लिए खोलने का फैसला लिया गया है। यहां 210 रुपये वार्षिक शुल्क पर खेल प्रशिक्षण मिलेगा। सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए भी नियमित कोचिंग और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि लंबे समय से बंद पड़े ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन और खिलाड़ियों के लिए दोबारा संचालित किया जाएगा। स्टेडियम में विभिन्न खेलों के कोचिंग कैंप शुरू किए जाएंगे और नाममात्र शुल्क पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी रोस्टर बनाकर नियमित रूप से स्टेडियम में प्रशिक्षण दिलाने और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं।


स्टेडियम में शुरू होंगे कई खेलों के कोचिंग कैंप

बैठक में तय किया गया कि जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से प्रशिक्षकों की व्यवस्था कर शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, स्केटिंग और शतरंज समेत कई खेलों के कोचिंग कैंप संचालित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने स्तर पर खेल गतिविधियों का संचालन शुरू नहीं कर देता। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।


210 रुपये वार्षिक शुल्क, स्कूलों के बच्चों को भी मिलेगा प्रशिक्षण

समिति ने जनहित में फैसला लिया कि 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क मात्र 210 रुपये रखा जाएगा। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए पहले महीने 310 रुपये और इसके बाद 200 रुपये प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि सरकारी और निजी स्कूलों के बच्चों का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से स्टेडियम में प्रशिक्षण दिलाया जाए। साथ ही समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को बुलाकर युवाओं को प्रेरित करने की भी योजना बनाई जाएगी।


खेल सुविधाओं के विकास पर भी लगी मुहर

बैठक में मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम और अन्य खेल परिसरों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें बास्केटबॉल, कबड्डी और नेटबॉल कोर्ट की जल निकासी व्यवस्था, जिम और बॉक्सिंग हॉल में संसाधन उपलब्ध कराना, कुश्ती अखाड़े का विकास, ओपन जिम के आसपास रेलिंग लगाना, स्टेडियम की मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन फैसलों से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *