नोएडा में ई-रिक्शा की बैट्री चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, 4 गिरफ्तार, 13 स्मार्ट लीथियम बैट्री और 414 सैल बरामद
- Shiv Kumar
- 11 Aug, 2026
नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में सुनसान जगहों पर खड़े ई-रिक्शा को निशाना बनाकर बैट्री चोरी करने वाले एक गिरोह का थाना फेस-1 पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को सेक्टर-14 और सेक्टर-15 के बीच बने पुल के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 स्मार्ट लीथियम बैट्री, 414 लीथियम बैट्री सैल और 11,800 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले ऐसे स्थानों की तलाश करते थे जहां ई-रिक्शा लंबे समय तक खड़े रहते हों। इसके बाद मौका मिलते ही उनकी बैट्री निकालकर चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान एक जगह छिपाकर रखा जाता था और जरूरत पड़ने पर धीरे-धीरे कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। पूछताछ में गिरोह के दिल्ली और गाजियाबाद में भी सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।
पहले करते थे रैकी, फिर सुनसान जगह से चुराते थे बैट्री
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य ई-रिक्शा खड़े होने वाले स्थानों की पहले अच्छी तरह रैकी करते थे। वे खास तौर पर ऐसी जगह तलाशते थे जहां आसपास ज्यादा आवाजाही न हो और ई-रिक्शा काफी देर तक खड़े रहें। मौका मिलने पर आरोपी ई-रिक्शा की बैट्री निकाल लेते थे। चोरी की गई बैट्रियों को तुरंत बेचने के बजाय किसी सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखा जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक साथ बड़ी संख्या में बैट्री बेचने से बचते थे, ताकि किसी को शक न हो। जरूरत पड़ने पर वे मजबूरी का हवाला देकर एक-एक बैट्री कबाड़ियों को बेच देते थे। इस तरीके से चोरी का सामान आसानी से खपाने की कोशिश की जाती थी।
नोएडा के साथ दिल्ली और गाजियाबाद में भी वारदात
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सिर्फ नोएडा तक सीमित नहीं थे। वे दिल्ली और गाजियाबाद के आसपास के इलाकों में भी ई-रिक्शा से बैट्री चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे स्थानों को निशाना बनाते थे जहां ई-रिक्शा चालक रात या लंबे समय के लिए वाहन खड़ा करके चले जाते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिल्ली के जैतपुर साउथ थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में बैट्री चोरी के मामले में पहले भी पकड़े जा चुके हैं और जेल जा चुके हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में गिरोह ने अब तक कितनी वारदातें की हैं और चोरी की बैट्रियां किन-किन कबाड़ियों को बेची गईं।
चारों आरोपी दिल्ली-गाजियाबाद के रहने वाले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कासिम उर्फ लक्की, रहीशउल्ला, शाहनवाज और रिजवान के रूप में हुई है। कासिम और रहीशउल्ला गाजियाबाद के लोनी इलाके के रहने वाले हैं, जबकि शाहनवाज और रिजवान दिल्ली के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना फेस-1 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच में दिल्ली के जैतपुर साउथ थाने में भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बैट्री खरीदने वाले कबाड़ियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही, बरामद बैट्रियों को किन मामलों से जोड़ा जा सकता है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






