किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा का ग्रेटर नोएडा में सम्मेलन, कलेक्ट्रेट पर आंदोलन का ऐलान, भूमि अधिग्रहण कानून समेत कई मांगें उठाईं
- Shiv Kumar
- 16 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा। इमलिया गांव में रविवार शाम किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन में किसानों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया गया। संगठन ने ऐलान किया कि जल्द ही गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सम्मेलन में नए भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने, किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड देने और बैकलीज से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने जैसी मांगें प्रमुखता से उठीं। इसके अलावा अधिग्रहित जमीन वाले किसानों को टोल टैक्स में राहत देने और किसानों के बच्चों के लिए शिक्षा व रोजगार में सुविधाएं देने की भी मांग की गई। सम्मेलन के दौरान अंकुर नागर को संगठन का गौतमबुद्ध नगर जिला महासचिव नियुक्त किया गया।
इमलिया गांव में जुटे संगठन के कार्यकर्ता
रविवार शाम करीब चार बजे इमलिया गांव में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता बाबा भुक्कड़ ने की, जबकि संचालन मास्टर दिनेश नागर ने किया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अंकुर नागर को गौतमबुद्ध नगर जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में जमीन अधिग्रहण और उससे जुड़े मामलों को लेकर किसानों के बीच लंबे समय से नाराजगी है। उनका कहना है कि मांगों को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन समाधान नहीं होने पर अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की तैयारी की जा रही है।
कलेक्ट्रेट पर बड़े आंदोलन का ऐलान
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विकास प्रधान ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर जल्द गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने नए भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने के साथ किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड देने की मांग रखी। साथ ही बैकलीज से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान की बात कही। राष्ट्रीय संरक्षक विनय तालान ने अधिग्रहित जमीन वाले किसानों को उनकी पहचान के आधार पर टोल टैक्स में छूट देने की मांग की। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजेश भाटी ने किसानों के बच्चों के लिए जिले की कंपनियों और संस्थानों में रोजगार का कोटा तय करने की मांग उठाई।
शिक्षा और इलाज में रियायत की मांग
सम्मेलन में किसानों के बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लोकेश भाटी और प्रदेश महासचिव राजकुमार रूपवास ने स्कूल और कॉलेजों में किसानों के बच्चों के लिए प्रवेश में कोटा तय करने और फीस में रियायत देने की मांग की। इसके अलावा चिकित्सा संस्थानों में किसानों को 50 प्रतिशत तक की छूट देने की मांग भी रखी गई। सम्मेलन में लोकेश भाटी, योगेंद्र मावी, विनोद मलिक, संजय कसाना, मनीष नागर समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






