Breaking News

SBI फंड्स मैनेजमेंट की बड़ी पहल, दिल्ली-NCR और बेंगलुरु में शुरू कीं 2 MobileEyes क्लिनिक वैन, हर साल 10 हजार लोगों की आंखों की जांच

top-news
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट ने विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ मिलकर दिल्ली और बेंगलुरु में दो MobileEyes क्लिनिक वैन शुरू की हैं। पहल के तहत हर साल 10 हजार लोगों की आंखों की जांच और 7,500 तक चश्मे वितरित करने का लक्ष्य है। जरूरतमंदों को आगे इलाज के लिए मार्गदर्शन भी मिलेगा।

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (SBIFML) ने विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ साझेदारी कर बुनियादी नेत्र देखभाल सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की पहल शुरू की है। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत दो MobileEyes क्लिनिक वैन शुरू की गई हैं, जो नई दिल्ली और बेंगलुरु के उन क्षेत्रों में जाएंगी, जहां लोगों को आंखों की जांच और चश्मे जैसी जरूरी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं।


हर साल 10 हजार लोगों की आंखों की जांच का लक्ष्य

इस पहल के तहत हर साल करीब 10 हजार लोगों की आंखों की जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, नजर सुधारने के लिए जरूरतमंद लोगों को करीब 7,500 तक चश्मे वितरित किए जाएंगे। मोबाइल क्लिनिक वैन रिहायशी क्षेत्रों, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इलाकों और ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंचेंगी। इसका उद्देश्य दूरी, इलाज का खर्च और समय की कमी जैसी वजहों से आई-केयर सेवाओं से दूर रहने वाले लोगों तक सुविधा पहुंचाना है।


जांच के साथ जरूरतमंदों को चश्मे भी मिलेंगे

विजनस्प्रिंग फाउंडेशन इस पहल को जमीन पर लागू करने वाली प्रमुख संस्था है। मोबाइल यूनिट में लोगों की आंखों की जांच की जाएगी और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली नजर की समस्या यानी प्रेस्बायोपिया के लिए उपयुक्त चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। यदि किसी व्यक्ति को मोतियाबिंद या आंखों से जुड़ी अन्य गंभीर समस्या के लिए आगे इलाज की जरूरत होगी, तो उसे संबंधित डॉक्टर या अस्पताल तक पहुंचने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। जरूरतमंद लोगों के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।


दूरी और खर्च की समस्या होगी कम

विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के मुताबिक, कई क्षेत्रों में लोगों को नजदीकी अस्पताल या क्लिनिक तक पहुंचने में दूरी और आने-जाने के खर्च जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा काम के समय में अस्पताल जाना और चश्मा पहनने को लेकर सामाजिक झिझक भी कई लोगों के लिए बाधा बनती है। मोबाइलआईज क्लिनिक वैन के जरिए नेत्र जांच और बुनियादी सेवाएं सीधे समुदाय तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।


आगे बढ़ाई जाएगी पहल

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट और विजनस्प्रिंग फाउंडेशन आने वाले एक साल में इस पहल की पहुंच और प्रभाव का आकलन करेंगे। इसके आधार पर मोबाइल क्लिनिक वैन की सेवाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोगों को लंबी दूरी तय किए बिना समय पर बुनियादी नेत्र देखभाल और जरूरी चश्मे उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *