नोएडा के 81 गांवों में जलभराव, गंदगी और पेयजल संकट से नाराज किसान, बोले- जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
- Shiv Kumar
- 19 Aug, 2026
नोएडा में गांवों की मूलभूत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन ने बुधवार को नोएडा विकास प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन के नोएडा महानगर अध्यक्ष दीपू यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर और कारों के बड़े काफिले के साथ सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। किसानों ने 81 गांवों में जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट, नालियों और सीवर की सफाई, पेयजल आपूर्ति समेत कई समस्याओं को लेकर धरना दिया। इस दौरान किसानों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी को संबोधित ज्ञापन नोडल प्राधिकरण की विशेष कार्य अधिकारी महिमा सिंह को सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
बारिश के बाद जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीण
महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने कहा कि नोएडा को महानगर के रूप में विकसित किया जा रहा है, लेकिन यहां के गांवों की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के बाद कई गांवों में पानी जमा है। नालियों और सीवर की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी रास्तों में भरा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव और गंदगी के कारण गांवों में दुर्गंध फैल रही है और लोगों को बीमारियों का खतरा बना हुआ है। किसानों ने स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने और बंद पड़ी लाइटों को ठीक कराने की भी मांग की।
पेयजल और सीवर व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी
किसानों ने नोएडा के गांवों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि कई स्थानों पर पानी समय से नहीं आता और जहां आपूर्ति होती है, वहां पानी की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें रहती हैं। शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। किसानों ने नालियों और सीवर की सफाई नियमित कराने, क्रॉसिंग पर खुले नालों को जाल से ढकने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की। उनका कहना है कि खुले नालों के कारण लोगों के साथ हादसे का खतरा भी बना रहता है।
मासिक बैठक और गांवों में खेल मैदान की मांग
भारतीय किसान संगठन ने प्राधिकरण से मांग की कि मूल किसानों के साथ हर महीने बैठक की जाए, जिसमें स्थानीय गांवों के प्रतिनिधियों को शामिल कर उनकी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखी जाएं। किसानों ने कहा कि नोएडा के गांवों में युवाओं के लिए खेल मैदान की भी व्यवस्था नहीं है, जबकि कई गांवों में खेल के लिए जमीन उपलब्ध है। संगठन ने इन स्थानों पर खेल मैदान विकसित करने की मांग की। दीपू यादव ने चेतावनी दी कि यदि प्राधिकरण ने समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर जल्द समाधान नहीं कराया तो भारतीय किसान संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। प्रदर्शन में लक्ष्मण यादव, अशोक यादव, हरिंदर यादव, पूरन प्रधान, आदेश, सुनील, बलवीर शर्मा, फूल सिंह, राजेश पहलवान, मूले पहलवान, शीला, संगीता, दौलतराम, सत्यगुरुजी, अनुज ठाकुर, संजय, राहुल, भूपेंद्र, साहिल खान, हरिओम, लल्लन, अमित, अजब सिंह चौहान, ऋषिपाल शर्मा और रईसुद्दीन खान समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






