नोएडा में दोस्त ही निकला केयरटेकर का हत्यारा, बीयर पीते समय गाली देने पर सीने पर बैठकर दबाया गला, आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 20 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा में क्रिकेट स्टेडियम के केयरटेकर जसवीर मौर्य की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जिस वारदात को बाहरी व्यक्ति से जोड़कर देखा जा रहा था, उसका आरोपी कोई और नहीं बल्कि जसवीर का दोस्त गोविंद शर्मा निकला। पुलिस के मुताबिक, दोनों साथ बैठकर बीयर पी रहे थे। इसी दौरान गाली देने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ी तो धक्का-मुक्की होने लगी और गोविंद ने जसवीर को जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद वह उसके सीने पर बैठ गया और दोनों हाथों से उसका गला दबाने लगा। काफी देर तक गला दबाने के बाद जसवीर ने जब कोई हरकत नहीं की तो गोविंद को उसकी मौत का पता चला। इसके बाद वह घबराकर वहां से भाग निकला। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्रिकेट मैच देखने के दौरान हुई थी दोनों की दोस्ती
सेंट्रल नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार गोविंद शर्मा मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और करीब चार साल से कारपेंटर का काम कर रहा है। वह अक्सर आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड में मैच देखने जाता था। इसी दौरान उसकी पहचान स्टेडियम के केयरटेकर जसवीर मौर्य से हुई और धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई। जसवीर स्टेडियम परिसर में बनी एक कोठरी में अकेला रहता था। स्टेडियम की साफ-सफाई, देखरेख और घास काटने समेत दूसरे काम उसकी जिम्मेदारी में थे। दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों अक्सर साथ बैठते थे और शराब व बीयर पीते थे। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से दोनों के बीच काफी मेलजोल था और गोविंद का जसवीर की कोठरी के आसपास आना-जाना लगा रहता था।
गाली देने पर बिगड़ी बात, गला दबाने तक पहुंचा विवाद
पुलिस पूछताछ में गोविंद ने बताया कि एक अगस्त को भी दोनों जसवीर की कोठरी के सामने बैठकर बीयर पी रहे थे। इसी दौरान जसवीर ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। गोविंद ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान जसवीर ने गोविंद को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके बाएं कंधे में चोट लग गई। इससे गुस्साए गोविंद ने जसवीर को भी धक्का दे दिया। जसवीर जमीन पर गिरा तो गोविंद उसके ऊपर बैठ गया और दोनों हाथों से उसका गला दबाने लगा। पुलिस के अनुसार, काफी देर तक गला दबाने के बाद जब जसवीर ने हरकत करना बंद कर दिया तो गोविंद वहां से भाग निकला। जल्दबाजी में उसकी एक चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई। पुलिस ने इसी चप्पल समेत दूसरे सुरागों को जांच में शामिल किया।
चप्पल से मिला सुराग, रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू की। स्थानीय जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की मदद से पुलिस गोविंद तक पहुंची। बुधवार को उसे रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से बीयर की दो बोतलें, देशी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पाउच और दो प्लास्टिक के गिलास भी बरामद किए हैं। उसकी चप्पल भी पुलिस के कब्जे में है। पुलिस अब मामले में सामने आए सभी तथ्यों और बरामद सामान की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






