नोएडा की श्री साई अपार्टमेंट सोसायटी में RWA चुनाव से पहले घमासान, 23 अगस्त को मतदान, दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप

top-news
नोएडा के सेक्टर-71 स्थित श्री साईं अपार्टमेंट में RWA चुनाव को लेकर विवाद बढ़ गया है। मौजूदा पैनल ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने प्रक्रिया पर भरोसा जताया है। चुनाव अधिकारी ने दोनों पक्षों की आपत्तियां सुनकर 23 अगस्त को निष्पक्ष चुनाव कराने की बात कही है।

नोएडा के सेक्टर-71 स्थित उद्योग विहार पॉकेट-बी-2 की श्री साईं अपार्टमेंट सोसायटी में RWA चुनाव को लेकर माहौल गरमा गया है। 23 अगस्त को होने वाले चुनाव से पहले दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। मौजूदा पैनल के लोगों ने नए चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे नियमों के खिलाफ बताया है। उनका कहना है कि सोसायटी में पहले बायलॉज के मुताबिक चुनाव कराया गया था और लोगों ने पैनल को चुना था, लेकिन चुनाव में हारने वाले पक्ष की शिकायत के बाद समिति को भंग कर दिया गया। इसके बाद दोबारा चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मामला बढ़ने पर मौजूदा पैनल ने जिलाधिकारी से शिकायत की। इसके बाद चुनाव अधिकारी सतीश कुमार सोसायटी पहुंचे और दोनों पक्षों की आपत्तियां सुनीं। अब 23 अगस्त को चुनाव कराने की तैयारी है।


चुनाव प्रक्रिया पर मौजूदा पैनल ने उठाए सवाल

मौजूदा पैनल के सदस्य ब्रजेश गुर्जर का आरोप है कि पिछला चुनाव सोसायटी के बायलॉज के अनुसार हुआ था और इसमें निवासियों ने पैनल को चुना था। उनका कहना है कि चुनाव में पराजित पक्ष की शिकायत के आधार पर समिति को भंग कर दिया गया, जबकि उनका पक्ष पूरी तरह सुना तक नहीं गया। ब्रजेश गुर्जर के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत की, जिसके बाद चुनाव अधिकारी को सोसायटी में आकर दोनों पक्षों की बात सुननी पड़ी। लोगों का यह भी आरोप है कि चुनाव की तारीख घोषित होने से सिर्फ दो दिन पहले चुनाव अधिकारी सोसायटी में आपत्तियां सुनने पहुंचे। उनका कहना है कि पहले आपत्तियों का निस्तारण होना चाहिए था और इसके बाद ही चुनाव की तारीख तय की जानी चाहिए थी। इस पूरे मामले को लेकर सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच भी चर्चा तेज है।


दोनों पक्षों की आपत्तियां सुनी गईं, निष्पक्ष चुनाव का दावा

चुनाव अधिकारी सतीश कुमार ने बैठक के दौरान दोनों पक्षों की बातें सुनीं। उन्होंने लोगों को अपनी आपत्तियां और संबंधित तथ्य रखने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। चुनाव अधिकारी का कहना है कि उन्हें उच्च अधिकारियों से चुनाव कराने के निर्देश मिले हैं और उन्हीं के अनुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को चुनाव कराया जाएगा और इसे शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की कोशिश होगी। वहीं दूसरे पैनल के सदस्य सुशील यादव ने कहा कि बैठक में दोनों पैनल की बात सुनी गई है। मतदाता सूची के सत्यापन के लिए भी समय दिया गया है और चुनाव की तारीख घोषित हो चुकी है। उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि चुनाव बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगा। अब सभी की नजर 23 अगस्त के चुनाव पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *