ग्रेटर नोएडा में अतिक्रमण पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 12 अस्थाई दुकानें ध्वस्त और रेहड़ी-पटरी जब्त
- Shiv Kumar
- 21 Aug, 2026
कई प्रमुख इलाकों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
प्राधिकरण के अर्बन सर्विस विभाग की टीम ने तिलपता चौक से एक मूर्ति, एक मूर्ति से रोजा चौक, सेक्टर-16बी, एनटीपीसी सोसायटी और जगत फार्म मार्केट के आसपास अभियान चलाया। इन इलाकों में सड़क किनारे और सार्वजनिक जगहों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, कई जगहों पर रेहड़ी-पटरी और अस्थाई ढांचे सड़क के किनारे तक फैल गए थे। इससे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती थी और यातायात प्रभावित हो रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर ऐसे अतिक्रमण को हटाया और सामान को कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों को भी सड़क और सार्वजनिक स्थान खाली रखने की हिदायत दी गई। प्राधिकरण का कहना है कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण की वजह से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
चुहड़पुर में 12 दुकानें ध्वस्त, सामान भी किया जब्त
अभियान के दौरान चुहड़पुर में सड़क किनारे टेंपरेरी स्ट्रक्चर बनाकर चल रही 12 दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इन अस्थाई दुकानों की वजह से सड़क का हिस्सा घिर रहा था और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई के दौरान तीन काउंटर, एक तख्त और एक टेबल को भी जब्त किया गया। इसके अलावा शाहबेरी रोड और एटीएस सोसायटी के आसपास भी अवैध अतिक्रमण हटाया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी, खोखा, क्योस्क या अन्य अस्थाई दुकानें लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्राधिकरण की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सार्वजनिक रास्तों पर किसी तरह का अस्थाई कब्जा न करें। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त करने के साथ जरूरी कार्रवाई भी की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






