रक्षाबंधन से पहले नोएडा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो रसगुल्ले नष्ट, 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
- Shiv Kumar
- 25 Aug, 2026
नोएडा। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जांच अभियान चलाकर पनीर, घेवर, खोया और रसगुल्ले समेत सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें से सरफाबाद सेक्टर-72 स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला में करीब 100 किलो रसगुल्ले प्रदूषित अवस्था में पाए गए। रसगुल्लों पर मक्खी-मच्छर पड़े होने के कारण खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। विभाग की कार्रवाई के बाद सभी सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और त्योहार के दौरान अभियान लगातार जारी रहेगा।
जेवर टोल पर पनीर की गाड़ियों की जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ओपी सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने 23 अगस्त की रात जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पिसावा जलालपुर, अलीगढ़ की चौधरी डेयरी से दिल्ली सप्लाई के लिए इको गाड़ी से ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया गया। इसके अलावा बाजना, मथुरा की भीमसेन डेयरी से दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर के दो नमूने भी लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले दूध और उससे बने उत्पादों की गुणवत्ता की जांच करना है।
घेवर और खोया के भी नमूने लिए गए
24 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की। अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-134 स्थित बीएस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का एक नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-2 के प्लॉट नंबर 66 स्थित शगुन स्वीट्स की निर्माणशाला में जांच की। यहां से खोया और घेवर के एक-एक नमूने लिए गए। विभाग के मुताबिक, सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
100 किलो रसगुल्ले प्रदूषित मिलने पर कराए नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सरफाबाद, सेक्टर-72 स्थित प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसगुल्लों का एक नमूना लिया गया। इसके बाद वहां मौजूद करीब 100 किलो रसगुल्ले प्रदूषित अवस्था में पाए गए। अधिकारियों के अनुसार, रसगुल्लों पर मक्खी-मच्छर पड़े हुए थे, जिसके चलते उन्हें मानव उपयोग के लिए सुरक्षित नहीं माना गया और मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






