नोएडा में वकील की पत्नी को 4 दिन तक किया डिजिटल अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर ठगे 17.60 लाख
- Shiv Kumar
- 26 Aug, 2026
नोएडा: सेक्टर-128 की एक सोसाइटी में रहने वाली वकील की पत्नी साइबर ठगों के डिजिटल अरेस्ट का शिकार हो गईं। आरोपियों ने खुद को दूरसंचार मंत्रालय और दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया। चार दिन तक लगातार ऑनलाइन निगरानी और पूछताछ के नाम पर महिला को परिवार से भी बात करने से रोका गया। ठगों ने घर पर पुलिस भेजकर गिरफ्तारी कराने की धमकी दी और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 17 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़िता के मुताबिक, ठगों ने उनके आधार कार्ड से मोबाइल नंबर जुड़े होने और उससे धोखाधड़ी किए जाने की बात कही थी। बाद में कॉल को दिल्ली क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर करने का दावा किया गया। एक आरोपी ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अधिकारी बताकर महिला से पूछताछ की। साइबर अपराध थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधार कार्ड से मोबाइल नंबर जुड़ा होने का बनाया डर
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह गृहणी हैं और उनके पति वकील हैं। 24 जुलाई को उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को दूरसंचार मंत्रालय का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर बंद किए जा रहे हैं। आरोपी ने दावा किया कि महिला का आधार कार्ड किसी दूसरे मोबाइल नंबर से जुड़ा है और उस नंबर से धोखाधड़ी की जा रही है। इसके बाद ठगों ने महिला को और डराने के लिए मामले को दिल्ली क्राइम ब्रांच से जोड़ दिया। दूसरे आरोपी ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अधिकारी बताया और वाट्सऐप व फोन कॉल के जरिए पूछताछ शुरू कर दी।
डिजिटल अरेस्ट बताकर परिवार से भी बात करने से रोका
आरोपियों ने महिला पर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि उनके नाम से करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। ठगों ने यह भी दावा किया कि जेट एयरवेज के मालिक नरेश गोयल के घर से महिला के नाम का बैंक डेबिट कार्ड मिला है। इसके बाद महिला से लंबे समय तक ऑनलाइन पूछताछ की गई। आरोपियों ने उन्हें बताया कि वह डिजिटल अरेस्ट में हैं और मामले की जानकारी किसी भी परिजन को देने पर घर पुलिस भेजकर गिरफ्तारी कर ली जाएगी। डर के कारण महिला ने अपने पति को भी घटना के बारे में नहीं बताया।
चार दिन में अलग-अलग खातों में भेजे 17.60 लाख
पुलिस के मुताबिक, 24 से 28 जुलाई के बीच महिला से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 17 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। ठगों ने महिला से कहा था कि जांच पूरी होने के बाद पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। हालांकि, पैसे वापस नहीं किए गए। इसके बाद महिला को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला और उन्होंने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उन बैंक खातों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है, जिनमें रकम भेजी गई थी। पुलिस के अनुसार, संबंधित खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी चल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






