12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, नोएडा में ई-चालान से बैंक लोन तक कई मामलों का होगा मौके पर निपटारा
- Shiv Kumar
- 01 Sep, 2026
गौतमबुद्ध नगर। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला न्यायालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्ध नगर अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लंबित और सुलह योग्य मामलों की पहचान कर समय से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए। जनपद न्यायाधीश ने बताया कि 12 सितंबर को जनपद मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, सहज और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालत में आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक विवाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, दीवानी वाद, एमवी एक्ट, ई-चालान, आर्बिट्रेशन, लघु शमनीय वाद और धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जा सकेगा।
बैंक ऋण और बिजली के मामलों को भी मिलेगा मौका
राष्ट्रीय लोक अदालत में विद्युत अधिनियम, भू-राजस्व और अन्य सुलह योग्य मामलों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा सेवा, पेंशन और श्रम संबंधी मामलों का निस्तारण भी आपसी सहमति से कराया जाएगा। प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण से जुड़े मामलों को भी लोक अदालत में निपटाने का अवसर मिलेगा। विद्युत विभाग और बीएसएनएल के टेलीफोन बिल से संबंधित विवादों का भी पक्षकारों की सहमति से समाधान कराया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विभागों में लंबित मामलों की पहले से पहचान कर लें, ताकि लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण हो सके।
अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
जनपद न्यायाधीश ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद्र सारस्वत समेत पुलिस, श्रम, परिवहन, विद्युत, एनपीसीएल, स्वास्थ्य, बीएसएनएल और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ऐसे ले सकते हैं अधिक जानकारी
लोक अदालत में अपने मामले का निस्तारण कराने के इच्छुक पक्षकार संबंधित न्यायालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए ई-मेल dlsa.gbnnoida@gmail.com या मोबाइल नंबर 9716535451 और 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






