ग्रेटर नोएडा में नशे में ट्रक ड्राइवर ने कार को मारी टक्कर, 4 की मौत, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
- Shiv Kumar
- 01 Sep, 2026
जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस जांच में चालक के नशे की हालत में वाहन चलाने की पुष्टि हुई है। बेकाबू ट्रक डिवाइडर और बैरियर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गया और बलेनो कार समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
नशे में ट्रक चला रहा था चालक
हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के 36वें किलोमीटर इंटरचेंज के पास साबौता कट के नजदीक रात करीब 11 बजे हुआ। राजस्थान नंबर का ट्रक नोएडा से आगरा की ओर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक चालक दिनेश वाहन चलाते समय नशे में था। मेडिकल जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार शराब के अलावा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की बात भी सामने आई है। तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बैरियर तोड़ता हुआ दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी।
पिता-पुत्र समेत चार की गई जान
टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए। मृतकों की पहचान दिल्ली के नया बाजार निवासी हाईकोर्ट अधिवक्ता रितेश पांडेय, उनके बेटे अभिसार पांडेय, पारिवारिक मित्र महाराजगंज निवासी विकास गुप्ता उर्फ विक्की और चालक विजय के रूप में हुई है। रितेश पांडेय अपने बेटे और मित्र के साथ रक्षाबंधन पर मूल गांव महाराजगंज गए थे। रविवार रात चारों कार से दिल्ली लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।
कई वाहनों को मारी टक्कर, एक्सप्रेसवे पर लगा जाम
बेकाबू ट्रक ने बलेनो के अलावा एक बाइक और टाटा मैजिक को भी टक्कर मारी। हादसे में बाइक सवार और मैजिक चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को शीशे तोड़कर और गेट काटकर बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चारों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
आरोपी चालक जेल भेजा गया
पुलिस ने ट्रक चालक मथुरा निवासी दिनेश को हिरासत में ले लिया था। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मृतकों के परिजनों की ओर से शिकायत नहीं मिलने पर पुलिस ने आगरा निवासी बाइक चालक सुमित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और ट्रक चालक की लापरवाही से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






