Breaking News

नोएडा में सस्ते लोन और मुनाफे के नाम पर 21 लाख की ठगी, तीन लोगों को जाल में फंसाकर रकम हड़पी

top-news
नोएडा में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में तीन लोगों से कुल 21 लाख रुपये ठग लिए गए। बैंक कर्मचारी बनकर 5 लाख, सस्ते लोन के नाम पर ब्लैकमेल कर 7 लाख और शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 9 लाख रुपये की ठगी की गई।

नोएडा में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में तीन लोगों से कुल 21 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगों ने कहीं बैंक कर्मचारी बनकर मोबाइल का एक्सेस हासिल किया तो कहीं सस्ते लोन का झांसा देकर पीड़ित को ब्लैकमेल किया। एक मामले में शेयर बाजार में निवेश पर दोगुने से ज्यादा मुनाफे का लालच देकर सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी से लाखों रुपये की रकम ट्रांसफर करा ली गई। तीनों मामलों में पीड़ितों ने बुधवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, खातों और अन्य माध्यमों की जानकारी जुटाई जा रही है।


बैंक कर्मचारी बनकर मोबाइल का एक्सेस लिया, खाते से 5 लाख उड़ाए

सेक्टर-126 निवासी कारोबारी अजय मोबाइल बैंकिंग ऐप से जुड़ी जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान 27 जुलाई को एक युवक ने उन्हें बैंक कर्मचारी बनकर फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने मोबाइल बैंकिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए एक लिंक भेजा। अजय ने जैसे ही उस लिंक को खोला, ठगों को उनके मोबाइल का एक्सेस मिल गया। इसके बाद आरोपियों ने बैंक खाते से 5 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम निकलने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की। पुलिस अब बैंक खाते और लेनदेन से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


सस्ते लोन का विज्ञापन देखकर फंसे कर्मचारी

सेक्टर-22 निवासी एक फैक्ट्री कर्मचारी को पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर सस्ते और तुरंत लोन का विज्ञापन देखा। विज्ञापन के जरिए ठगों से संपर्क हुआ और आरोपियों ने ऑनलाइन 48 हजार रुपये का लोन दे दिया। इसके बाद लोन ऐप के माध्यम से आरोपियों ने कर्मचारी के मोबाइल में सेव फोटो और संपर्क नंबरों तक पहुंच बना ली। कुछ समय बाद ठगों ने टेलीग्राम पर उनकी छेड़छाड़ की गई तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से कर्मचारी ने आरोपियों को अलग-अलग किस्तों में कुल 7 लाख रुपये दे दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।


शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर 9 लाख की ठगी

सेक्टर-45 निवासी असीम सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी हैं। उनके मुताबिक, 24 जुलाई 2025 को कुछ लोगों ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने निवेश करने पर दोगुने से ज्यादा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। शुरुआत में असीम से कम रकम निवेश कराई गई और उनके खाते में 4 हजार रुपये का मुनाफा भेजा गया। इससे उन्हें आरोपियों पर भरोसा हो गया। इसके बाद अलग-अलग मौकों पर असीम ने कुल 9 लाख रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्हें रकम वापस नहीं मिली तो ठगी का पता चला। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


पुलिस ने शुरू की तीनों मामलों की जांच

तीनों घटनाओं में ठगी का तरीका अलग रहा, लेकिन आरोपियों ने भरोसा जीतने और डर का फायदा उठाकर पीड़ितों से रकम हासिल की। साइबर क्राइम थाना पुलिस शिकायतों के आधार पर लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य डिजिटल माध्यमों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *