ग्रेटर नोएडा में धीरेंद्र शास्त्री के हनुमान चालीसा हवन में जुटे 2 हजार लोग, रामलीला मैदान में हुआ संकट निवारण हवन
- Shiv Kumar
- 24 Sep, 2026
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां रामलीला मैदान में श्री हनुमान चालीसा हवन का आयोजन किया गया। इसे संकट निवारण हवन नाम दिया गया था। शाम करीब 7:30 बजे धीरेंद्र शास्त्री रामलीला मैदान पहुंचे तो सीताराम और जय श्रीराम के जयकारों के बीच लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भजन प्रस्तुत किए और लोगों से धर्म को लेकर अपनी बात साझा की। कार्यक्रम में नोएडा, ग्रेटर नोएडा के साथ दिल्ली और गाजियाबाद से भी लोग पहुंचे थे।
धर्म को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कही ये बातें
कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने लोगों से कहा कि धर्म में अंधा बनने के बजाय व्यावहारिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्याज नहीं खाते, लेकिन ब्याज पूरा खाते हैं और ब्याज का भी ब्याज लेते हैं, फिर खुद को धार्मिक बताते हैं। उन्होंने शराब और मांसाहार को लेकर भी लोगों से सवाल किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धार्मिक होने की बात करते हैं, शराब पीते हैं और मांस खाते हैं, लेकिन मंगलवार को मांस नहीं खाते। उन्होंने सवाल किया कि क्या मंगलवार को हनुमान जी मौजूद नहीं रहते?
बोले- भगवान आपके भाव के भूखे हैं
धीरेंद्र शास्त्री ने शिवलिंग पर जल चढ़ाने की बात करते हुए कहा कि जिनके सिर पर खुद गंगा है, उनके लिए एक लोटे जल का क्या महत्व है। उन्होंने कहा कि भगवान एक लोटे जल के भूखे नहीं, बल्कि भाव के भूखे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि केवल बाहर से धार्मिक दिखने के बजाय धर्म को अपने व्यवहार और मन में भी उतारना चाहिए। उन्होंने मांस खाने, शराब पीने और दूसरों का बुरा करने जैसी आदतें छोड़ने की बात कही और कहा कि ऐसा करने पर भगवान की कृपा मिलनी शुरू हो जाएगी।
हनुमान चालीसा के बाद हुआ हवन, लोगों ने दी आहुति
धीरेंद्र शास्त्री की मौजूदगी में पहले हनुमान चालीसा का पाठ हुआ और इसके बाद हवन किया गया। मंच से मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने हवन कराया। मैदान में मौजूद लोगों ने अपनी-अपनी जगह पर बैठकर ही हवन में आहुति दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के इंतजाम पहले से किए गए थे। मैदान के आसपास जगह-जगह बैरिकेडिंग भी की गई थी।
शारदा यूनिवर्सिटी में छात्रों से भी किया संवाद
रामलीला मैदान के कार्यक्रम से पहले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शारदा यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। यहां उन्होंने ‘माइंड सेट लाइव सेट’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद किया। इसके बाद वह रामलीला मैदान पहुंचे, जहां हनुमान चालीसा पाठ और संकट निवारण हवन का आयोजन हुआ।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






