यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में लोक कलाओं का नया अंदाज, मेरठ की शिप्रा शर्मा 5 हजार से ज्यादा बच्चियों को दे चुकीं ट्रेनिंग

top-news
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में मेरठ की शिप्रा शर्मा पारंपरिक लोक कलाओं को आधुनिक अंदाज में पेश कर रही हैं। वह 5 हजार से ज्यादा बच्चियों को मुफ्त प्रशिक्षण भी दे चुकी हैं।

ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में देशभर के उत्पादों के साथ पारंपरिक लोक कलाओं को भी नया मंच मिल रहा है। मेरठ की श्रुतकीर्ति आर्ट्स की शिप्रा शर्मा अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक चित्रकलाओं को आधुनिक अंदाज में तैयार कर लोगों तक पहुंचा रही हैं। उनके स्टॉल पर MDF, मिरर, स्टोन वर्क और फैब्रिक कलर से बनाए गए आर्ट पीस लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। शिप्रा पिछले 12 साल से लोक कलाओं पर काम कर रही हैं और उनका प्रयास पारंपरिक कला को आज की जरूरतों से जोड़कर बाजार तक पहुंचाना है।


लोक कलाओं को आधुनिक रूप देकर बाजार से जोड़ने की कोशिश
शिप्रा शर्मा के मुताबिक कई पारंपरिक कलाएं धीरे-धीरे नई पीढ़ी से दूर होती जा रही हैं। ऐसे में वह अलग-अलग राज्यों की करीब 10 तरह की पेंटिंग और आर्ट फॉर्म को नए तरीके से तैयार कर रही हैं। उनके स्टॉल पर छोटे-बड़े कई तरह के आर्ट पीस मौजूद हैं, जिन्हें MDF, मिरर, स्टोन वर्क और फैब्रिक कलर से तैयार किया जाता है। एक छोटे आर्ट पीस को बनाने में करीब 2 से 3 दिन लगते हैं, जबकि बड़े और ज्यादा बारीक डिजाइन वाले पीस को तैयार करने में अधिक समय लगता है। ट्रेड शो में इन आर्ट पीस की कीमत 200 रुपये से शुरू होकर करीब 20 हजार रुपये तक है।


महिलाओं और बच्चियों को भी दे रही हैं मुफ्त प्रशिक्षण
शिप्रा शर्मा कला को सिर्फ रोजगार तक सीमित नहीं रखना चाहतीं, बल्कि महिलाओं और बच्चियों को प्रशिक्षण देकर इसे कमाई का जरिया बनाने की कोशिश भी कर रही हैं। उनके मुताबिक अब तक 5 हजार से ज्यादा बच्चियों को मुफ्त ट्रेनिंग दी जा चुकी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं और बच्चियों को खास तौर पर प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे अपनी कला के जरिए आत्मनिर्भर होकर कमाई कर सकें। शिप्रा का कहना है कि ट्रेड शो जैसे मंचों से पारंपरिक कला को नए ग्राहक मिलते हैं और कलाकारों को अपनी कला को बाजार से जोड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही, युवा पीढ़ी भी इन लोक कलाओं से परिचित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *