गांधी जयंती पर ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक सेक्टरों में विशेष स्वच्छता अभियान, दो नोडल अधिकारी तैनात
- Shiv Kumar
- 02 Oct, 2026
गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने औद्योगिक सेक्टरों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और अभियान की निगरानी के लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट में वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के अलग-अलग औद्योगिक सेक्टरों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
सड़कों, नालियों और खाली जगहों की होगी सफाई
विशेष अभियान के तहत औद्योगिक सेक्टरों की सड़कों, निर्माण साइटों, नालियों और खाली जगहों की सफाई की जाएगी। अभियान के दौरान एकत्रित ठोस अपशिष्ट और मलबे को सेग्रिगेट कर वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारित किया जाएगा। सफाई के साथ औद्योगिक क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। प्राधिकरण की टीम इन स्थानों पर नजर रखेगी और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
ग्रेनो ईस्ट और वेस्ट में अलग-अलग टीमें तैनात
विशेष स्वच्छता अभियान के लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ग्रेटर नोएडा ईस्ट क्षेत्र में इकोटेक-1, इकोटेक-1 एक्सटेंशन-1, इकोटेक-1 एक्सटेंशन, इकोटेक-10, इकोटेक-11, इकोटेक-6, इकोटेक-7, इकोटेक-8 और उद्योग विहार (इकोटेक-2) सहित अन्य सेक्टर शामिल हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में इकोटेक-3 और इकोटेक-12 में अभियान चलाया जा रहा है।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस कर रहीं अभियान की निगरानी
प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस इस विशेष स्वच्छता अभियान की खुद निगरानी कर रही हैं, ताकि कोई भी औद्योगिक सेक्टर अभियान से अछूता न रहे। एसीईओ ने कहा है कि औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता के प्रति ग्रेनो प्राधिकरण प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विशेष टीमों को तैनात कर औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






