भाकियू की मासिक बैठक में संगठन का विस्तार, विजय भाटी समेत कई नेताओं को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
- Shiv Kumar
- 02 Oct, 2026
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की मासिक बैठक ग्रेटर नोएडा के रवाया वेंकट में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन मंत्री हरवीर सिंह ने की, जबकि संचालन प्रदेश प्रवक्ता अरविंद पहलवान ने किया। इस दौरान संगठन के विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने और आगामी महापंचायत को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
गांधी और शास्त्री के विचारों को किया याद
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को सत्य के रास्ते पर चलने की सीख दी। वहीं, किसानों के उत्थान के लिए लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि शास्त्री ने किसानों के हित में अनेक कार्य किए। इस मौके पर संगठन के लोगों ने दोनों महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सैकड़ों लोगों ने ग्रहण की संगठन की सदस्यता
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र नागर ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) को छोड़कर सैकड़ों लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की सदस्यता ग्रहण की है। इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विजय भाटी को राष्ट्रीय प्रचार मंत्री, अनिल नागर को प्रदेश मीडिया प्रभारी और विक्रम भाटी को गौतमबुद्ध नगर का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। धीरज प्रधान और रफीक कुरेशी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि रफीक कुरेशी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी भी दी गई। विनोद भाटी को मेरठ मंडल सचिव नियुक्त किया गया।
22 अक्टूबर की महापंचायत के लिए चलेगा जनजागरण अभियान
संगठन की ओर से 22 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण पर होने वाली महापंचायत को सफल बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रताप नागर, हरवीर सिंह, हरेंद्र नागर, सतपाल नागर, एडवोकेट जीतू गुर्जर, विकास नागर, अरविंद पहलवान, राजीव भाटी, जितेंद्र नागर, सरजीत नागर, राकेश अवाना, विक्रम नागर, डॉ. फकीर चंद, एडवोकेट कपिल कसाना, पूनम भाटी, दिनेश बसल, रफीक कुरेशी, नरेंद्र जाट, सौरव वर्मा, संजय नागर, सोविंदर चेची, वश भड़ाना, इंदर रोहिला, भगत भाटी और भगवान सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






