ग्रेटर नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार, करीब 11 लाख के आभूषण बरामद
- Shiv Kumar
- 02 Oct, 2026
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सारमिन उर्फ शम्भू पुत्र इतवारी निवासी बादशाह कॉलोनी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी करने के बाद उनमें चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस से मिला सुराग
पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया था। लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। इसके साथ ही करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद ली गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को बीटा-2 थाना पुलिस ने आरोपी शम्भू को लेबर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद किया।
अल्फा-1 और अल्फा-2 में चोरी की वारदातों का दावा
पुलिस के अनुसार आरोपी घूम-फिरकर बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बीटा-2 थाना क्षेत्र के अल्फा-1 में करीब 7-8 महीने पहले सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। इसके अलावा फरवरी 2026 में अल्फा-2 और कुछ दिन पहले भी अल्फा-2 में सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश और निगरानी कर रही थी।
चोरी के आभूषण और अवैध चाकू बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से तीन नेकलेस, दो माथे के मांग टीके और दो कानों के ऊपर की बारीक चेन पीली धातु की बरामद हुई हैं। इसके अलावा दो पाजेब, दो सैम्पल, एक गले का हार, एक हाथ का ब्रेसलेट, बच्चों के हाथ के चार कड़े और चार बिछुए सफेद धातु के बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत करीब 11 लाख रुपये है।
आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बीटा-2 थाना और सूरजपुर थाना क्षेत्र में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2026 में बीटा-2 थाने में बीएनएस और आयुध अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2016 में बीटा-2 और सूरजपुर थाने में चोरी, घर में घुसने और चोरी का सामान रखने से जुड़े कई मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2016 में ही उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2015 में भी बीटा-2 थाने में चोरी और घर में घुसने से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






