ग्रेटर नोएडा में दीवार के पास कूड़ा फेंककर जा रहा था युवक, CCTV से हुआ अनाउंसमेंट तो वापस उठाकर घर ले गया कचरा
- Shiv Kumar
- 12 Oct, 2026
ग्रेटर नोएडा। खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर लगाम लगाने के लिए सेक्टर बीटा-1 की RWA ने अनोखा तरीका अपनाया है। सेक्टर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों से गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसी निगरानी के दौरान एक युवक दीवार के किनारे कूड़ा फेंककर जाने लगा, तभी कैमरे के जरिए पब्लिक अनाउंसमेंट कर उसे रोक दिया गया। अचानक आवाज सुनकर युवक घबरा गया। इसके बाद उसे दोबारा चेतावनी दी गई कि कूड़ा नहीं उठाने पर चालान कराया जाएगा। चेतावनी मिलते ही युवक ने फेंका हुआ कचरा उठाया और अपने घर वापस ले गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
9 अक्टूबर की रात कैमरे में कैद हुई घटना
सेक्टर बीटा-1 RWA के महासचिव हरेंद्र भाटी के मुताबिक, यह घटना 9 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे की है। सेक्टर में रहने वाला एक व्यक्ति बच्चे को गोद में लेकर अपने घर से कूड़ा उठाकर लाया था। वह कूड़े को दीवार के किनारे फेंकने के बाद वापस जाने लगा। इसी दौरान उसकी गतिविधि सेक्टर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। कैमरे की निगरानी कर रहे व्यक्ति ने युवक को कूड़ा फेंकते देख तुरंत पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए उसे टोका। अचानक आई आवाज सुनकर युवक पहले समझ नहीं पाया कि उसे कहां से चेतावनी दी जा रही है।
चालान की चेतावनी मिलते ही वापस उठाया कचरा
कैमरे से पहली बार आवाज आने के बाद युवक को दोबारा अनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी दी गई। उससे कहा गया कि वह फेंका हुआ कूड़ा उठाकर वापस ले जाए, वरना सुबह उसका चालान कराया जाएगा। चेतावनी सुनने के बाद युवक ने दीवार के किनारे फेंका गया कचरा उठाया और उसे लेकर अपने घर लौट गया। इस तरह सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए युवक को खुले में कूड़ा फेंकने से रोका गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। सेक्टर में सफाई बनाए रखने के लिए RWA की ओर से की जा रही निगरानी का यह मामला सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।
RWA ने साफ-सफाई के लिए लगाए सीसीटीवी कैमरे
RWA महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि सेक्टर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग घरों का कूड़ा खुले स्थानों या दीवारों के किनारे फेंककर चले जाते हैं। ऐसे लोगों की पहचान करने और उन्हें रोकने के लिए सेक्टर के अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों के जरिए निगरानी की जाती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी कराई जाती है। RWA का प्रयास है कि लोग सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचें और सेक्टर की सफाई बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
वीडियो वायरल होने के बाद लोग कर रहे पहल की सराहना
युवक को कूड़ा उठाकर घर ले जाते दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग RWA की इस पहल की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर और आसपास के इलाकों को साफ रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। घर का कूड़ा खुले में फेंकने से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलती है, इसलिए लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए। सोशल मीडिया पर यह भी कहा जा रहा है कि समझाने के बावजूद खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सेक्टर में सफाई व्यवस्था बनी रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






