नोएडा की सोसाइटी में बड़ी चोरी, चोरों ने 1.10 करोड़ के गहनों के साथ 5 लाख रुपये नकद पर किया हाथ साफ
- Shiv Kumar
- 14 Oct, 2026
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट में चोरी की दो वारदातों से हड़कंप मच गया। बदमाश दो बंद फ्लैटों के ताले तोड़कर करीब 5 लाख रुपये नकद और 1.10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गहने चोरी कर ले गए। घटना के समय दोनों परिवार घर से बाहर थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी सोसाइटी की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। पुलिस को दोनों वारदातों में एक ही गिरोह के शामिल होने का शक है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा सेक्टर-20 के एक मकान और फेज-2 स्थित एक कंपनी में भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।
इंजीनियर के फ्लैट से करीब 80 लाख रुपये के गहने चोरी
द क्रिसेंट अपार्टमेंट में रहने वाले इंजीनियर नितिन जैन 11 अक्टूबर को परिवार के साथ पानीपत में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम देर रात समाप्त होने के कारण परिवार ने वहीं रुकने का फैसला किया। अगले दिन पड़ोसी ने फोन कर उनके फ्लैट का ताला टूटा होने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर नितिन को चोरी का पता चला। उनके मुताबिक, फ्लैट से करीब 500 ग्राम सोना, सोने के 10 बिस्किट और 50 ग्राम चांदी गायब थी। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
दूसरे फ्लैट से चार लाख नकद और 30 लाख से ज्यादा के गहने गायब
इसी अपार्टमेंट में रहने वाली धन लक्ष्मी भी परिवार के साथ घूमने गई थीं। उनकी गैरमौजूदगी में बदमाशों ने फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर चार लाख रुपये नकद और करीब 250 ग्राम सोने के गहने गायब मिले। चोरी हुए गहनों की कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। दोनों फ्लैटों में एक जैसी वारदात सामने आने के बाद पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक ही गिरोह हो सकता है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और दोनों घटनाओं के बीच संबंध की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
दीवार फांदकर सोसाइटी में घुसे संदिग्ध, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शुरुआती जांच के मुताबिक, सोसाइटी में लगे कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध मुख्य गेट के बजाय दीवार फांदकर अंदर आते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और वारदात के बाद बाहर निकलने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक, दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सेक्टर-20 के मकान और फेज-2 स्थित कंपनी में हुई चोरी की घटनाओं से इन वारदातों का कोई संबंध है या नहीं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






