Noida: लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए नोएडा पुलिस ने कमर कस ली है। इसी के चलते बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना फेस-2 पुलिस और नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने अवैध गांजे की तस्करी करने वाले 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 70 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ ही मोटर साइकिल बरामद की गई है।

यह है पूरा मामला

दरअसल, लोकसभा चुनाव की घोषणा और आचार संहिता लगने के साथ ही पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। गौतमबुद्ध नगर में लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण में मतदान किया जाएगा। ऐसे में चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए नोएडा पुलिस एक्शन में है। टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। साथ ही बदमाशों पर शिकंजा भी कसा जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना फेस-2 पुलिस और नारकोटिक्स सेल ने 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध गांजे की तस्करी करते हैं।

तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार

वहीं, पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उड़ीसा से गांजा लेकर आए है, जिसे वह एनसीआर क्षेत्र में बेचते हैं। इसी दौरान बदमाशों ने अपने तीसरे साथी के बारे में भी बताया, कहा कि उनका एक साथी गांजे के साथ जेपी फ्लाई ओवर के पास खड़ा है, जिसकी सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से 26 किलो गांजे का एक कट्टा भी बरामद हुआ है। जबकि कुल मिलाकर 70 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ ही मोटर साइकिल भी बरामद की गई है।

आपको बता दें कि, यह अभियान होली से पहले शुरू हुआ था और इलेक्शन के बाद तक चलता रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर शहर में कहीं पर भी अवैध तरीके से शराब की तस्करी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए लगातार प्रशासन अधिकारियों के साथ मिलकर बैठक भी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version