राजस्थान-गुजरात को PM मोदी की बड़ी सौगात, ₹1.06 लाख करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन

top-news
आज राजस्थान और गुजरात दौरे पर PM मोदी, रिफाइनरी से सेमीकंडक्टर प्लांट तक कई बड़े तोहफे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर है। इस दौरान वे दोनों राज्यों को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री सुबह पहले जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद दोपहर को बालोतरा पहुंचकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। शाम करीब 4:30 बजे गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद में सेमीकंडक्टर क्षेत्र की अहम परियोजना का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

जोधपुर एयरपोर्ट और संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत जोधपुर से करेंगे, जहां नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही संशोधित उड़ान योजना (UDAN) लॉन्च होगी, जिसका उद्देश्य देश के दूरदराज और क्षेत्रीय इलाकों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ना है। सरकार का मानना है कि इस योजना से नागरिक विमानन को नई गति मिलेगी और छोटे शहरों तक हवाई सेवाओं का विस्तार होगा।

बालोतरा में दुनिया की आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन

बालोतरा के पचपदरा में प्रधानमंत्री दुनिया की सबसे उन्नत ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर का उद्घाटन करेंगे। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित इस परियोजना पर करीब 79,459 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इसकी क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) होगी, जबकि इसमें 2.4 MMTPA पेट्रोकेमिकल क्षमता भी विकसित की गई है। इस परियोजना से देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पेट्रोकेमिकल उत्पादन बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

ऊर्जा क्षेत्र को भी मिलेगी नई मजबूती

प्रधानमंत्री राजस्थान में 1,900 करोड़ रुपये से अधिक लागत से तैयार ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं से उत्पादित बिजली की निकासी आसान होगी। इसके अलावा करीब 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला भी रखी जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे राजस्थान में बिजली आपूर्ति अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनेगी।

गुजरात में सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

शाम को प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद में CG Semi OSAT (Outsourced Semiconductor Assembly and Test) प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे देश में चिप निर्माण इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी, आयात पर निर्भरता कम होगी और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

दो राज्यों में विकास को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान राजस्थान और गुजरात में आयोजित जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। विमानन, ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल, परिवहन और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं के शुभारंभ से दोनों राज्यों के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, आधुनिक अवसंरचना विकसित होगी और देश की आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *