तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारी तेज, 14 महीने की पोती का ताबूत देख भावुक हुए हजारों लोग

top-news
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में उनकी 14 महीने की पोती का छोटा ताबूत भी रखा गया। जनाजा देख हजारों ईरानी फूट-फूटकर रोए।

ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां राजधानी तेहरान में अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ग्रैंड मोसल्ला परिसर में ईरानी राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे उनके ताबूत को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। हालांकि पूरे समारोह के दौरान सबसे भावुक दृश्य उनकी 14 महीने की पोती ज़हरा मोहम्मदी का ताबूत रहा, जिसे देखकर हजारों लोग भावुक हो गए। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और पूरे देश में शोक का माहौल है।

खामेनेई के साथ परिवार के कई सदस्यों को भी दी जाएगी अंतिम विदाई

ईरानी मीडिया के अनुसार, अली खामेनेई के साथ उनके परिवार के कई सदस्यों के ताबूत भी एक साथ रखे गए हैं। इनमें उनके दामाद, सबसे बड़ी बेटी, 14 महीने की पोती ज़हरा मोहम्मदी गोलपायेगानी और नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई की पत्नी भी शामिल हैं। तेहरान में जगह-जगह बैनर लगाकर लोगों से अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की जा रही है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

28 फरवरी के हमले के बाद चार महीने तक चला इंतजार

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्य 28 फरवरी 2026 को हुए अमेरिकी और इजरायली हवाई हमले में मारे गए थे। इसके बाद सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के चलते अंतिम संस्कार कार्यक्रम को टाल दिया गया था। अब लगभग चार महीने बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है। ईरान सरकार ने छह दिवसीय शोक कार्यक्रम का आयोजन किया है।

9 जुलाई को पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक

सरकार के मुताबिक, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया 4 जुलाई से शुरू होकर 9 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस दौरान पार्थिव शरीर को ईरान और पड़ोसी इराक के विभिन्न शहरों में अंतिम दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। 9 जुलाई को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इस बीच नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि युद्ध के दौरान उनके घायल होने की आशंका है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *