Bijnor: लव मैरिज से लेकर मर्डर तक: एक साल में टूटी सारी कसमें
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद स्थित हल्दौर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां 29 वर्षीय दीपक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई
- Rishabh Chhabra
- 07 Apr, 2025
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद स्थित हल्दौर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां 29 वर्षीय दीपक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पत्नी शिवानी ने दावा किया कि दीपक को हार्ट अटैक आया था और वे खुद उन्हें डॉक्टर के पास लेकर गईं. लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो उसमें गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई.
रेलवे में करता था नौकरी, परिवार से अलग रह रहा था दीपक
दीपक रेलवे विभाग में तकनीकी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे. वे अपनी पत्नी शिवानी और एक साल के बेटे वेदांत के साथ नजीबाबाद के आदर्श नगर में किराये के मकान में रहते थे. उनके भाई पीयूष के अनुसार, शिवानी का व्यवहार शादी के बाद से ही ठीक नहीं था, खासकर दीपक की मां के साथ उसका रवैया आक्रामक रहता था. घर में विवाद न हो, इसलिए दीपक ने अलग रहना शुरू कर दिया था.
शक की नींव पड़ी गले के निशान से
4 अप्रैल को शिवानी ने दीपक के देवर और सास को फोन कर बताया कि दीपक को हार्ट अटैक आया है. परिवार जब मौके पर पहुंचा, तो दीपक के गले पर रस्सी जैसे निशान देखे गए. इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम की मांग की. शिवानी शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर रही थी, जिससे परिवार का शक और गहरा गया.
हत्या के पीछे साजिश का शक, FIR दर्ज
पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होते ही दीपक के भाई पीयूष ने पत्नी शिवानी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई. पीयूष का कहना है कि शिवानी ने नौकरी और फंड हड़पने के लिए इस साजिश को अंजाम दिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि शिवानी अकेले यह काम नहीं कर सकती, जरूर किसी और की भी इसमें संलिप्तता है.
पुलिस जांच में जुटी, पत्नी से हो रही पूछताछ
पुलिस ने फिलहाल शिवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. एसपी सिटी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि क्या शिवानी के साथ किसी और ने इस वारदात को अंजाम देने में मदद की है.
सौरभ राजपूत मर्डर केस जैसी ही भयावह घटना
यह मामला मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की याद दिलाता है, जिसमें घरेलू कलह के चलते एक युवक की निर्मम हत्या हुई थी. बिजनौर का यह मामला भी शादी के बाद बिगड़े रिश्तों और अविश्वास की एक और खतरनाक मिसाल बन गया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






