Breaking News

शाहजहांपुर जेल में बहुउद्देशीय हॉल, वाल पेंटिंग और जिम का उद्घाटन, बंदियों ने दिखाई कला और प्रतिभा

top-news
Shahjahanpur jail

शाहजहांपुर जिला कारागार में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बंदियों के कौशल विकास प्रशिक्षण, सांस्कृतिक और योगाभ्यास गतिविधियों के लिए निर्मित बहुउद्देशीय हॉल, भित्ति चित्र एवं जिम का उद्घाटन किया। इस मौके पर शाहजहांपुर के क्रांतिकारी इतिहास से जुड़े त्रिमूर्ति— पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खान के विशाल बाल पेंटिंग का भी अनावरण किया, जिसे बंदियों ने तैयार किया है।


महिला बंदियों ने मंत्री को किया सम्मानित
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने मंत्री खन्ना को पुष्पगुच्छ और महिला बंदियों द्वारा चित्रित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं स्वयं मंत्री का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। अन्य अतिथियों का भी माल्यार्पण कर और महिला बंदियों की बनाई कैनवास पेंटिंग्स भेंट कर स्वागत किया गया।


सुधारगृह के रूप में बदल रहा जेल

बंदियों को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने जेल अधीक्षक की सराहना करते हुए कहा कि शाहजहांपुर जेल को सरकार की नीति के अनुरूप एक 'सुधारगृह' के रूप में बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंदियों द्वारा बनाए गए भित्ति चित्रों में जीवन की झलक नजर आती है। यह उनके सुधार की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री ने बहुउद्देशीय हॉल के साथ-साथ बंदियों के स्वास्थ्य लाभ के लिए स्थापित जिम का उद्घाटन भी किया। खुद भी कुछ व्यायाम उपकरणों का उपयोग कर प्रेरणा दी।


स्वागत गीत से किया मंत्रमुग्ध

कार्यक्रम के दौरान महिला बंदियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जबकि सुदामा प्रसाद विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बंदियों द्वारा भी देशभक्ति पर आधारित नाटक, नृत्य और झांकियों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। मंथन नाट्य अकादमी के कलाकारों ने 'प्रणाम काकोरी' नाटक का मंचन कर सबका मन मोह लिया।


समाजसेवियों ने वितरित किए जरूरत के सामान

समाजसेवी राहुल शर्मा द्वारा बंदियों को स्लीपर और पजामा-शर्ट भेंट किए। इसके अलावा इंडिया विजन फाउंडेशन द्वारा 300 हाइजीन किट, 200 पुरुष अंडरगारमेंट्स, 100 सैनिटरी नैपकिन एवं 100 जोड़ी स्लीपर भेंट किए गए। इस अवसर पर सांसद मिथिलेश कुमार, महापौर मती अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष मती शिल्पा गुप्ता, पूर्व मंत्री सुरेंद्रनाथ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *