ग्रेटर नोएडा यूपी ट्रेड शो की तैयारियां तेज, PM मोदी उद्घाटन करने आ सकते
नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में 25 सितंबर से यह ट्रेड शो शुरू होगा।
- Shiv Kumar
- 16 Sep, 2025
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार के बड़े आयोजन यूपी ट्रेड शो की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में 25 सितंबर से यह ट्रेड शो शुरू होगा। इस आयोजन में उद्योग, व्यापार और निवेश से जुड़ी कंपनियां और उद्यमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। हालांकि, पीएम मोदी का आधिकारिक कार्यक्रम अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन उनके संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
सीएम योगी पहले जायजा लेंगे
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 सितंबर को ग्रेटर नोएडा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। अधिकारियों को सभी कार्य तय समय पर पूरा करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
1500 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा
ट्रेड शो के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो, इसके लिए करीब 1500 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की योजना बनाई है। आयोजन स्थल और उसके आसपास निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नई रफ्तार मिलने की उम्मीद
अधिकारियों का कहना है कि यूपी ट्रेड शो न केवल प्रदेश की औद्योगिक और निवेश क्षमता को बढ़ावा देगा, बल्कि यहां आने वाले उद्यमियों और व्यापारियों को नए अवसर भी प्रदान करेगा। आयोजन से गौतमबुद्धनगर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






