https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

पत्नी की बेवफाई बर्दाश्त न कर सका पति; 3 बेटी, एक बेटे के साथ यमुना नदी में लगा दी छलांग

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

शामली (कैराना)। पत्नी की कथित बेवफाई और घरेलू कलह से आहत मोहल्ला खेल कला निवासी 38 वर्षीय मजदूर सलमान ने शुक्रवार दोपहर अपने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

चार बच्चों के साथ उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार, सलमान अपनी 12 वर्षीय बेटी महक, 5 वर्षीय बेटी शिफा, 3 वर्षीय बेटे आयान और आठ माह की बेटी इनायशा को लेकर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कस्बे के पुराने पुल से यमुना नदी में कूद गया। कूदने से पहले उसने बच्चों के साथ रोते हुए एक वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजा, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए अपनी पत्नी और उसके प्रेमी सहित कई लोगों को जिम्मेदार ठहराया।

पत्नी के साथ विवाद के बाद घर छोड़ा
सलमान की बहन गुलिस्ता ने बताया कि सलमान दो भाइयों में बड़ा था और खेतों में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी कई बार घर छोड़कर चली जाती थी। गुरुवार को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई। शुक्रवार सुबह सलमान बच्चों को लेकर यह कहकर घर से निकला कि वह काम पर जा रहा है।

शनिवार को उजागर हुआ मामला
गुलिस्ता के अनुसार, शुक्रवार को भेजे गए वीडियो को वह उसी समय ठीक से नहीं देख सकी। शनिवार सुबह जब सलमान और बच्चे घर नहीं लौटे तो उसने वीडियो दोबारा देखा, जिसमें सलमान रोते हुए कह रहा था कि वह अपने बच्चों के साथ आत्महत्या कर रहा है। इसके बाद परिजन और मोहल्लेवाले पुराने पुल पर पहुंचे तो कुछ लोगों ने बताया कि शुक्रवार को वहां एक व्यक्ति अपने चार बच्चों के साथ मौजूद था।

पुलिस और गोताखोर कर रहे तलाश
सूचना पर पुलिस और भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। गोताखोर सलमान और बच्चों की तलाश में लगे हैं। सीओ श्याम सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

तीन वीडियो में झलका सलमान का दर्द
कूदने से पहले सलमान ने अपनी बहन को तीन वीडियो भेजे थे। एक वीडियो में उसने 12 वर्षीय बेटी महक से कहा, “बेटा, हम सब मर जाएंगे, हमारी मौत के जिम्मेदार तेरी अम्मी, शाबिर, हारून, इंतजार, इश्तकार और अंजुम हैं। इन्होंने सात महीने से हमारी जिंदगी खराब कर रखी है।” दूसरे वीडियो में उसने कहा, “मुझे मौत का फैसला यूं लेना पड़ा। इस औरत ने सात महीने से मेरी जिंदगी तबाह कर दी है। न किसी सरकार से उम्मीद है, न किसी से। आगे कोई ऐसा न करे, इसलिए मैंने यह कदम उठाया है। दिन-रात का जीना हराम कर रखा है।”

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *