'मैं सीएम योगी का अपमान नहीं सह सकता' इस्तीफा देकर फफक पड़े अयोध्या के GST डिप्टी कमिश्नर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

top-news
अयोध्या के GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ का अपमान का आरोप लगाकर इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद वह अपनी पत्नी से बात करते हुए भावुक हो गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आइए खबर में पूरा मामला जानते हैं।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में तैनात राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह अपने इस्तीफे के बाद से लगातार चर्चा में हैं। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में बताया है। उन्होंने कहा कि मैं सीएम योगी का अपमान नहीं सह सकता। इस्तीफे के बाद प्रशांत कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह पत्नी से फोन पर बात करते हुए भावुक होकर रोते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने यह मामला और चर्चित हो गया है।


इस्तीफे के बाद भावुक पल, पत्नी से बात करते हुए छलके आंसू
वायरल वीडियो में प्रशांत कुमार सिंह बेहद भावुक नजर आ रहे हैं। फोन लगाते ही वह अपनी पत्नी से कहते हैं कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और आगे बोलते हुए भावनाओं पर काबू नहीं रख पाते और रोने लगते हैं। आंसू पोछते हुए वह कहते हैं कि “मुझसे बर्दाश्त नहीं हुआ… जिसका नमक खाते हैं, उसका सिला अदा करते हैं।” इसके बाद फिर वह फफक-फफककर रो पड़ते हैं। कॉल कटने के बाद वे आसपास मौजूद लोगों से कहते हैं कि वह पत्नी से बात कर रहे थे और बताते हैं कि उनकी दो बेटियां हैं, वे पिछले दो रातों से सो नहीं पाए थे और गहरी मानसिक पीड़ा में थे। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया है और कई लोग उनके फैसले को स्वाभिमान से जोड़कर देख रहे हैं।




पीएम और सीएम के समर्थन में बताया इस्तीफा
इस्तीफा देते समय प्रशांत कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि उनका यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मान और समर्थन में है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी स्थिति में उनका अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी साफ किया कि उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और यह फैसला पूरी तरह उनके आत्मसम्मान और विचारों के आधार पर लिया गया है। उनके इस बयान के बाद प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


कौन हैं प्रशांत कुमार सिंह?
प्रशांत कुमार सिंह का जन्म 28 अक्टूबर 1978 को उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हुआ था। उन्होंने जीवन राम इंटर कॉलेज से हाईस्कूल तक की पढ़ाई की और वाराणसी के उदय प्रताप महाविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। वर्ष 2013 में उन्होंने राज्यकर विभाग में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। उनकी पहली पोस्टिंग सहारनपुर में हुई थी। वर्ष 2023 में उन्हें अयोध्या संभाग में राज्यकर विभाग का संभागीय उप आयुक्त (डिप्टी कमिश्नर) नियुक्त किया गया, जहां वे अब तक कार्यरत थे। विभाग में उन्हें एक कर्मठ और अनुशासित अधिकारी के रूप में जाना जाता रहा है।


आगे की राह और समाज सेवा की घोषणा
प्रशांत कुमार सिंह ने यह भी कहा है कि यदि उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाता है, तो वे आगे चलकर अपने निजी संसाधनों से समाज सेवा का कार्य करेंगे। उन्होंने इसे जीवन का नया अध्याय बताते हुए कहा कि यह निर्णय उन्होंने किसी आवेश में नहीं, बल्कि गहन आत्ममंथन के बाद लिया है। फिलहाल उनका इस्तीफा और उससे जुड़ा भावुक वीडियो प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *