यूपी भाजपा ने 5 एमएलसी सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, लखनऊ स्नातक सीट से फिर मैदान में अवनीश सिंह
- Shiv Kumar
- 25 May, 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं। लखनऊ स्नातक सीट से एक बार फिर अवनीश कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह को टिकट दिया गया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की तीन सीटों पर भी पार्टी ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
ज्यादातर मौजूदा एमएलसी पर भाजपा ने फिर जताया भरोसा
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अधिकतर सीटों पर अपने मौजूदा एमएलसी को ही दोबारा मैदान में उतारा है। लखनऊ स्नातक सीट पर पिछले चुनाव में अवनीश कुमार सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी कांति सिंह को हराया था। इस बार समाजवादी पार्टी ने उसी कांति सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिससे इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। विधान परिषद चुनाव को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बेहद अहम माना जा रहा है, इसलिए सभी दल इन सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गए हैं।
6 दिसंबर को खाली होंगी 11 सीटें
प्रदेश में 6 दिसंबर 2026 को विधान परिषद की कुल 11 सीटें रिक्त होने जा रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा छह सीटों पर भाजपा का कब्जा है, जबकि समाजवादी पार्टी के पास तीन सीटें हैं। एक सीट शिक्षक दल और एक सीट निर्दलीय सदस्य के पास है। भाजपा द्वारा पांच उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब चुनावी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के लिए बड़ा संदेश देने वाले साबित हो सकते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






