चलती कार बनी आग का गोला! हाईवे पर दो युवकों की जिंदा जलकर मौत
90 मिनट तक जलती रही कार, अंदर फंसे दो लोगों को नहीं बचा सकी फायर ब्रिगेड | कानपुर-इटावा हाईवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर कार बनी आग का गोला, दो की जिंदा जलकर मौत
- Babli Ansari
- 20 Jul, 2026
कानपुर। कानपुर-इटावा हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। डेरापुर थाना क्षेत्र के मुंगीसापुर के पास भड़पुरा मोड़ के निकट तेज रफ्तार फॉक्सवैगन वेंटो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही सेकंड में पूरा वाहन आग के गोले में बदल गया। आग की लपटें करीब 20 फीट तक उठने लगीं। कार में सवार दोनों युवक अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब 90 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
आधार कार्ड से हुई मृतकों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बर्रा निवासी 23 वर्षीय ओम शुक्ला और 40 वर्षीय गुरप्रीत सिंह ढिल्लों के रूप में हुई है। ओम शुक्ला कानपुर में वाहन मरम्मत का काम करते थे, जबकि गुरप्रीत कार चला रहे थे। दोनों दिल्ली से कानपुर लौट रहे थे। आग इतनी भीषण थी कि शव पूरी तरह झुलस गए और उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। बाद में कार से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की मदद से दोनों की पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
CNG ब्लास्ट की आशंका, हादसे की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि डिवाइडर से टकराने के बाद कार के CNG सिस्टम में ब्लास्ट हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया और अंदर बैठे दोनों लोग बाहर नहीं निकल सके। पुलिस हादसे की असली वजह जानने के लिए वाहन की तकनीकी जांच भी करा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार हादसे की एक बड़ी वजह हो सकती है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय चालक की स्थिति क्या थी और हादसे के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डेरापुर के सीओ धर्मेंद्र कुमार सिंह और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने लंबे प्रयास के बाद आग बुझाई और कार से दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






