जंतर-मंतर पर Gen-Z प्रोटेस्ट के बाद फतेहपुर में Gen-Alpha का प्रदर्शन, बच्चों की मांगों के आगे झुका प्रशासन, DIOS ने मानी सभी डिमांड
- Shiv Kumar
- 28 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक सरकारी इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर आकर प्रदर्शन करने लगे और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने मौके पर पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद छात्रों की सभी प्रमुख मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
बिजली, पानी और साफ टॉयलेट की मांग को लेकर छात्रों का विरोध
वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर लेकर नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि विद्यालय में साफ शौचालय नहीं हैं, पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और कई कक्षाओं में पर्याप्त पंखे भी नहीं लगे हैं। छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से इन समस्याओं की जानकारी स्कूल प्रशासन को दी जा रही थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला गया। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि स्कूल प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन सक्रिय
छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं और आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराई जाएंगी।
छात्रों को मिला लिखित आश्वासन, जल्द पूरी होंगी सभी व्यवस्थाएं
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रत्येक कक्षा में चार-चार पंखे लगाए जाएंगे, विद्यालय की खराब वायरिंग ठीक कराई जाएगी, एक महीने के भीतर नए डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए जाएंगे और छात्रों के लिए आरओ वाटर कूलर भी लगाया जाएगा। अधिकारियों ने इन सभी कार्यों को लेकर छात्रों को लिखित आश्वासन भी दिया है। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। अधिकांश लोगों ने कहा कि जिन सुविधाओं की मांग छात्र कर रहे थे, वे किसी भी विद्यालय में पहले से उपलब्ध होनी चाहिए थीं। वहीं कई लोगों ने छात्रों द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और प्रशासन से जवाबदेही मांगने की सराहना भी की।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






