ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में मारा गया, 24 घंटे में खुलासा, बोरी में मिली थी लाश

top-news
ग्रेटर नोएडा में छह साल की बच्ची की हत्या के आरोपी बलराज को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। बच्ची के लापता होने के बाद सीसीटीवी से आरोपी की पहचान हुई। उसकी निशानदेही पर खेत से शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर फायरिंग के दौरान जवाबी कार्रवाई हुई।

ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के कुछ घंटों बाद मुठभेड़ में मार गिराया। बच्ची 28 अगस्त की रात घर से लापता हुई थी। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और पांच टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बच्ची पड़ोस में रहने वाले 32 वर्षीय बलराज के साथ जाती दिखाई दी। बाद की फुटेज में आरोपी बोरी लेकर जाता नजर आया। पुलिस ने शनिवार दोपहर बलराज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बोरी के अंदर बच्ची का शव बरामद किया गया।


हथियार बरामद कराने ले गई पुलिस पर आरोपी ने चलाई गोली

ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने हथियार के बारे में जानकारी दी थी। पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए एक स्थान पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने वहां छिपाई गई पिस्टल निकाल ली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। गोली ईकोटेक-3 थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल रवि कुमार के हाथ में लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बलराज को गोली लगी। इसके बाद घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बलराज को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर नेहा शर्मा के मुताबिक आरोपी की छाती के बाईं ओर गोली लगी थी। इलाज और सीपीआर की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस के अनुसार मौके से 32 बोर की अवैध पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।


बोरी में खेत से बरामद हुआ बच्ची का शव

पुलिस के मुताबिक बलराज बच्ची के चाचा के घर में किराए पर रहता था और परिवार को पहले से जानता था। बच्ची के परिजनों का आरोप है कि इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर वह बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर शव को बोरी में भरकर खेत में फेंक दिया। बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच कराया। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट से मौत की वजह और घटना से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। बच्ची के शव की बरामदगी के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी और बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए थे।


दो सीसीटीवी फुटेज ने जांच को दी अहम दिशा

पुलिस जांच में सामने आए दो सीसीटीवी फुटेज को मामले का अहम सुराग माना जा रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे की फुटेज में बच्ची बलराज के साथ जाती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह उसके साथ एक मकान के अंदर जाती नजर आती है। दूसरी फुटेज शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जिसमें बलराज बोरी लेकर जाता दिखाई देता है। दोनों कैमरे बच्ची के घर के आसपास की गली में लगे थे। बच्ची के चाचा के मुताबिक घटना के समय परिवार के लोग नमाज पढ़ने गए थे और घर पर कोई मौजूद नहीं था। बच्ची के गायब होने के बाद परिवार ने गांव में तलाश के साथ ऐलान भी कराया। पुलिस ने सूचना मिलते ही पांच टीमें बनाकर तलाशी अभियान शुरू किया और सीसीटीवी की मदद से आरोपी तक पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *