दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुआ विस्फोट आतंकी हमला, 9 की मौत और 20 घायल

top-news
फरीदाबाद और पुलवामा मॉड्यूल से जुड़े तार

New Delhi: राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुआ धमाका आतंकी साजिश का हिस्सा था। इस धमाके में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग घायल हैं। जांच एजेंसियों ने बताया कि यह एक आत्मघाती हमला था, जिसमें कार में विस्फोटक लगाकर धमाका किया गया।

फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा आतंकी हमला
जांच में सामने आया है कि धमाके के तार हरियाणा के फरीदाबाद में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हैं। एजेंसियों को शक है कि जिस आई-20 कार में धमाका हुआ, उसमें आतंकी डॉक्टर उमर मोहम्मद सवार था। घटनास्थल से मिले शव का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, ताकि यह पुष्टि हो सके कि वह उमर मोहम्मद ही था या नहीं।

डॉक्टर उमर मोहम्मद पर था शक
खुफिया एजेंसियों को पहले से ही उमर मोहम्मद की तलाश थी। फरीदाबाद में भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने के बाद उसका नाम जांच के दायरे में आया था। बताया जा रहा है कि वह कश्मीर का रहने वाला है और फरीदाबाद मॉड्यूल का सक्रिय सदस्य था। जब इस मॉड्यूल में लगातार गिरफ्तारियां शुरू हुईं तो पकड़े जाने के डर से उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर यह आत्मघाती हमला रचा।

धमाके से पहले कार का रूट ट्रेस किया गया
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आई-20 कार का रूट ट्रैक किया है। कार आखिरी बार बदरपुर बॉर्डर पर दिल्ली में प्रवेश करते हुए दिखाई दी। इसके बाद यह कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास जाकर रुकी, जहां धमाका हुआ। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदरपुर से लाल किला तक कार किन रास्तों से होते हुए पहुंची।

धमाके वाली कार की कहानी
जांच में सामने आया है कि धमाके में इस्तेमाल आई-20 कार पहले सलमान नाम के व्यक्ति के नाम पर थी। बाद में उसने यह कार सेकेंड हैंड डीलर के जरिए पुलवामा निवासी तारिक को बेच दी। फरीदाबाद में इस कार का एक बार चालान भी हुआ था। अब तारिक को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

यूएपीए और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूएपीए (Unlawful Activities Prevention Act) और Explosive Act के तहत केस दर्ज कर लिया है। डीसीपी नॉर्थ के अनुसार, सभी सुरक्षा एजेंसियां मामले की संयुक्त जांच कर रही हैं। उधर, घायलों का इलाज लोक नायक अस्पताल में चल रहा है, जहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और इमरजेंसी गेट को बंद रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *