Greater Noida में परिवहन निगम की पहल, जिम्स तक पहुंचने को इतनी बसों का किया संचालन, कम यात्री मिलने पर अब नए रूट के लिए हो रहा सर्वे

top-news
ग्रेटर नोएडा के कासना के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान तक पहुंचने के लिए परिवहन निगम की ओर से 30 अप्रैल से चार बसों का संचालन शुरू किया गया था.

ग्रेटर नोएडा के कासना के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान तक पहुंचने के लिए परिवहन निगम की ओर से 30 अप्रैल से चार बसों का संचालन शुरू किया गया था. परिवहन विभाग द्वारा ये फैसला लोकल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए लिया गया था लेकिन अभी भी बस सेवा के बारे में जानकारी ना होने के चलते काफी कम संख्या में यात्री सफर का लाभ उठा पा रहे हैं. जिसके चलते अब परिवहन विभाग अन्य रूटों का सर्वे कर संचालन में बदलाव करने के बारे में सोच रहा है.

दरअसल मेडिकल कॉलेज जिम्स की ओर रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार आते-जाते रहते हैं. जिनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रबुपुरा से जिम्स को जोड़ते हुए सूरजपुर और बॉटेनिकल गार्डन व मोरना डिपो तक बसों का संचालन बुधवार से शुरु कर दिया गया था. बसों के लिए दो रूट भी निर्धारित कर दिए गए हैं. पहले रूट पर बस रबूपुरा से चलकर सूरजपुर, जिम्स, भंगेल होते हुए बॉटेनिकल गार्डन तक जाती है. जबकि दूसरे रूट की बसों का संचालन यमुना प्राधिकरण से होते हुए दनकौर, सेक्टर 17ए, बदौली गांव से होते हुए एमिटी और बॉटेनिकल गार्डन तक हो रहा है.

ग्रेटर नोएडा डिपो के एआरएम अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी प्रति चक्कर में लगभग 15 से 20 यात्री ही सफर कर रहे हैं. हालांकि फिलहाल लोगों को इन रूटों पर बस सेवा शुरू होने के बारे में ज्यादा जानकारी भी नहीं है. इस वजह से भी कम यात्री मिल रहे हैं. फिर भी रूट में बदलाव किए जाने के लिए अन्य का सर्वे हो रहा है. रूट का सर्वे कार्य पूरा होने के बाद जो रूट सही लगेगा, उस रूट से बसों का संचालन होगा. इससे स्कूल से लेकर जिम्स जैसे बड़े संस्थानों तक की बेहतर कनेक्टिविटी के चलते शहरवासियों को राहत मिलने के आसार साफ हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *