https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

Greater Noida: पुलिस की वर्दी, पहलवान का वार, बबीता ने अमेरिका में मचाया धमाल!

top-news
गौतमबुद्ध नगर की महिला पहलवान बबीता नागर ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देश और जिले का नाम रोशन कर दिया है।
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

गौतमबुद्ध नगर की महिला पहलवान बबीता नागर ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देश और जिले का नाम रोशन कर दिया है। अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में बबीता ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया है। इस जीत के बाद बबीता के परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

फिलीपींस की खिलाड़ी को 24 सेकंड में हराया 

यह प्रतियोगिता 27 जून से 07 जुलाई 2025 तक अमेरिका के बर्मिंघम शहर में हो रही है। इसमें दुनिया भर के पुलिस और अग्निशमन विभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बबीता नागर ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भी उन्होंने नीदरलैंड में हुई ऐसी ही प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। बबीता ने फाइनल मुकाबले में फिलिपींस की खिलाड़ी को मात्र 24 सेकंड में 10-0 से हराया। उन्होंने शानदार तरीके से तकनीकी फॉल देकर मुकाबला खत्म किया। यह जीत न केवल उनके खेल कौशल को दिखाती है, बल्कि उनकी मेहनत और लगन का भी नतीजा है।

पुलिस की नौकरी के साथ खेल में भी बिखेर रहीं चमक

बबीता नागर दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वह साल 2001 से पुलिस सेवा में हैं और अपनी ड्यूटी के साथ-साथ कुश्ती में भी सक्रिय हैं।

गांव की बेटियों को बना रहीं पहलवान

बबीता का गांव सादुल्लापुर (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) है। वे न केवल खुद कुश्ती में चमक रही हैं, बल्कि अपने गांव और आसपास की 100 से ज्यादा लड़कियों को पहलवानी की ट्रेनिंग भी दे रही हैं। उनके पास गौतमबुद्ध नगर, हरियाणा, शामली और आसपास के गांवों से लड़कियां कुश्ती सीखने आती हैं। बबीता उन्हें आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

बबीता ने जीते कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक

बबीता नागर ने 1999 में कुश्ती में अपने कॅरियर की शुरुआत की थी। उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बबीता नागर ने 2005 में कॉमनवेल्थ गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व किया और रजत पदक जीता। इसके बाद 2013 से 2018 तक लगातार अखिल भारतीय पुलिस खेलों में पदक जीते। इतना ही नहीं बबीता ने महिला सीनियर और जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक हासिल किए। इसके अलावा वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

सीएम और गृहमंत्री कर चुके हैं सम्मानित 

बबीता को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा यूथ आइकन अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें सम्मानित किया है। उनकी यह उपलब्धियाँ न केवल जिले के लिए गर्व की बात हैं, बल्कि देश की बेटियों के लिए प्रेरणा भी हैं।

बबीता नागर ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला हो तो किसी भी मंच पर देश का नाम रोशन किया जा सकता है।

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *