Greator Noida: कांवड़ यात्रा में चूक की नहीं गुंजाइश, लक्ष्मी सिंह की टीम फुल एक्शन मोड में!

top-news
श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही 11 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है, जो 9 अगस्त तक चलेगी।

श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही 11 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है, जो 9 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने इलाकों के शिव मंदिरों में जल चढ़ाने निकलेंगे। यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने इस बार पूरी तैयारी कर ली है, ताकि कोई दिक्कत न हो और यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके।


पुलिस कमिश्नर की निगरानी में बना 'कांवड़ सेल'


पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की निगरानी में 'कांवड़ सेल' बनाया गया है, जो यात्रा की हर छोटी-बड़ी जरूरत को देखेगा। पुलिस ने ऐसे 14 प्रमुख रास्तों की पहचान की है जहां से कांवड़ यात्रा होकर गुजरेगी। इन रूट्स पर ट्रैफिक और सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।


बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात


वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार बड़ा पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी, एडीसीपी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, महिला पुलिसकर्मियों से लेकर ट्रैफिक पुलिस तक, हर स्तर पर तैयारी की गई है। महिला कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान रखा गया है।


अस्थायी चौकियां और हाईटेक निगरानी


इसके साथ ही रास्तों में कई अस्थायी चौकियां बनाई गई हैं, जहां चौबीसों घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी तैयार रखा गया है। इसके अलावा 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से यात्रा की निगरानी की जाएगी। सेक्टर-94 में बने कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।


कांवड़ शिविरों को लेकर भी प्रशासन ने दिशा-निर्देश किए जारी


कांवड़ शिविरों को लेकर भी प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोजकों को साफ कहा गया है कि शिविरों में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। नहरों और जलमार्गों के पास डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान मेडिकल सुविधा, रास्ता दिखाने वाले संकेत बोर्ड, लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट और फायर ब्रिगेड जैसी सभी जरूरी सेवाएं भी तैयार रखी गई हैं। डायल 112 की गाड़ियां हर समय यात्रियों की मदद के लिए सड़कों पर रहेंगी।


कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाना हमारी प्राथमिकता


पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा है “कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाना हमारी प्राथमिकता है। सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है। उनका साफ संदेश है कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों की आस्था से जुड़ा एक बड़ा पर्व है और इसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *