Greater Noida: जल सेवाओं को लेकर सख्त हुईं एसीईओ, आरएफपी में देरी पर अधिकारियों को लगाई फटकार, दिया अल्टीमेटम

top-news
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने जल और सीवर विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने जल और सीवर विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। वन सिटी वन ऑपरेटर योजना और स्मार्ट वाटर मीटर परियोजना को जल्द लागू करने की बात कही गई। जल की गुणवत्ता, सप्लाई चेकलिस्ट, सीवर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और एनटीपीसी को शोधित जल आपूर्ति जैसे अहम मुद्दों पर तेज़ काम करने के आदेश दिए गए।


ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने मंगलवार को जल और सीवर विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने दोनों विभागों के तहत चल रहे सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सख्त चेतावनी भी दी।


वन सिटी वन ऑपरेटर का आरएफपी जल्द तैयार करने के निर्देश


इसके साथ ही वन सिटी वन ऑपरेटर योजना पर विशेष ध्यान देते हुए एसीईओ ने कहा कि शहर की जलापूर्ति और रखरखाव के लिए सिर्फ एक ही एजेंसी को जिम्मेदारी दी जाए। इसके लिए जो रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) तैयार किया जा रहा है, उसे जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने आरएफपी बनाने में देरी करने वाली एजेंसी को कठोर चेतावनी भी दी।


जल मीटर परियोजना भी आगे बढ़ी, टेंडर जल्द निकालने की तैयारी


एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि यह योजना ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में लागू की जाएगी, जिससे जल व्यवस्था अधिक सुगठित और पारदर्शी हो सके। उन्होंने स्मार्ट वाटर मीटर परियोजना पर भी फोकस करते हुए कहा कि इसकी स्वीकृति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए। इस परियोजना के पहले चरण में 10 फीसदी कनेक्शनों पर स्मार्ट वाटर मीटर लगाए जाएंगे। इससे न केवल जल की बर्बादी रुकेगी, बल्कि सप्लाई की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल की गुणवत्ता की नियमित जांच हो और सप्लाई चेकलिस्ट को सख्ती से फॉलो किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो।


सीवर से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश


वहीं सीवर विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सीवर से जुड़ी शिकायत मिले तो उस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने एनटीपीसी को सीवरेज के शोधित पानी की आपूर्ति करने वाली परियोजना को भी प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए एनटीपीसी के साथ एमओयू साइन किया जाना है।


एसीईओ ने कहा कि हर परियोजना पर तेजी से काम हो ताकि ग्रेटर नोएडा में जल और सीवर सेवाएं और अधिक मजबूत और प्रभावशाली बन सकें।


बैठक में मौजूद रहे अधिकारीगण


इस महत्वपूर्ण बैठक में महाप्रबंधक ए.के. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम, विनोद कुमार शर्मा, प्रभात शंकर सहित कई प्रबंधक और अधिकारीगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *