मिल्कीपुर उपचुनाव परिणाम; कमल ने किया कमला, भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान जीते

top-news
समाजवादी पार्टी उम्मीदवार सांसद के बेटे अजीत प्रसाद दूसरे नंबर पर

अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जीआईसी इंटर कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरु हुई और दोपहर में खत्म हो गई है. 14 टेबल पर 30 राउंड की काउंटिंग हुई. भाजपा के चंद्रभानु पासवान शुरू से अंत तक बढ़त बनाए रहे. उन्होंने सपा के फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को 61 हजार से अधिक वोटों से हराया. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संतोष कुमार तीसरे नंबर रहे.
बीजेपी के चंद्रभानु पासवान मिल्कीपुर उपचुनाव 61639 वोटों के अंतर से जीत गए हैं. 30वें राउंड की काउंटिंग के बाद बीजेपी को 145893, सपा को 84254 जबकि आजाद समाज पार्टी को 5439 वोट मिले हैं. 
दसवां राउंड पूरे होने के बाद 28530 वोट से भाजपा के प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान आगे। चंद्रभानु को 53193 वोट मिले। वहीं, अजीत प्रसाद को 24588 मिले।
तेरहवें राउंड पूरे होने के बाद 36810 वोट से भाजपा के प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान सपा प्रत्याशी से आगे चल रहे हैं।

भाजपा ने बेइईमानी का रिकॉर्ड तोड़ा
वहीं, समाजवादी पार्टी के फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा कि भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कई बार चुनाव आयोग के सामने पूरी बात रखी। हमारी सारी शिकायतें चुनाव में सच साबित हो रही थीं, भाजपा के गुंडे बूथ कैप्चर कर रहे थे। लेकिन चुनाव आयोग ने कुछ नहीं किया। इसके बावजूद भाजपा हारेगी और हम जीतेंगे।
जनता दुधारू गाय को वोट दे रही 
वहीं, योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मिल्कीपुर उपचुनाव के रुझानों पर कहा कि "बहुत पहले कहा था, वहां की नब्ज टटोली थी। लोगों को विकास रूपी दूध चाहिए। विकास रूपी दुधारू गाय लेकर सरकार लड़ रही है। जनता दुधारू गाय को वोट दे रही है। अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचा। देश की जनता मोदी पर विश्वास कर रही है। जनता मोदी के कामों पर विश्वास कर रही है।

सीएम योगी की मेहनत ला रही रंग
बता दें कि मिल्कीपुर उपचुनाव के नतीजों पर देशभर की नजर है. लोकसभा चुनाव में इस सीट से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की थी। राम मंदिर निर्माण होने और शहर में तमाम विकास कार्यों के बावजूद इस सीट पर भाजपा की हार सुर्खियों में रही थी। इस बार फतह के लिए भाजपा और सपा ने पूरा जोर लगा दिया है। सीएम योगी ने उपचुनाव से पहले छह महीने में कई दौरे किए। अखिलेश यादव ने भी जनसभा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *