करवाचौथ का त्योहार पति-पत्नी के रिश्ते को समर्पित सबसे ज्यादा महत्व रखने वाले त्योहारों में से एक है। दिन-भर व्रत रखने के बाद पत्नियां पति के हाथ से चांद देखकर पानी पीती हैं। तमाम रस्मों के साथ इस पावन दिन को पूरा किया जाता है। लेकिन इस सब में एक चीज और भी सबसे महत्वपूर्ण होती है, वो ही पत्नी का श्रृंगार।

जरुरी है 16 श्रृंगार

पौराणिक मान्यता है कि करवाचौथ पर 16 श्रृंगार करने से पति की आयु लंबी होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बनता है। ऋग्वेद के अनुसार, सोलह श्रृंगार से न सिर्फ महिलाओं का सौंदर्य बढ़ता है बल्कि उनके भाग्य में भी वृद्धि होती है। हालांकि, बदलते समय के अनुसार 16 श्रृंगार कर पाना हर स्त्री के लिए सरल नहीं है। करवाचौथ की बात करें, तो मान्यता अनुसार 6 श्रृंगार को बहुत जरूरी माना गया है।

मेहंदी है शुभ

करवाचौथ में महिलाओं को मेहंदी जरुर लगाना चाहिए। इसे शुभ माना जाता है। मान्यता है कि करवाचौथ पर मेहंदी लगाने से पति-पत्नी के बीच का प्यार बढ़ता है और वैवाहिक जीवन में हर सुख की प्राप्ति होती है। करवाचौथ पर लगी मेंहदी के रंग को पति-पत्नी के प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है।

सिंदूर माना जाता पति का लंबी उम्र का प्रतीक

हर सुहागन स्त्री के लिए सिंदूर लगाना शुभ होता है। कहा जाता है कि अगर किसी वजह से सुहागन हमेशा सिंदूर नहीं लगाती है, तो करवाचौथ के दिन तो हर सुहागन स्त्री को सिंदूर जरूर लगाना चाहिए। इससे पति की आयु लंबी होती है।

मंगलसूत्र न भूलें

कई बार महिलाएं अपने श्रृंगार में मंगलसूत्र को अनदेखा कर जाती हैं। लेकिन मंगलसूत्र का अपना खास महत्व है। पति-पत्नी के रिश्ते को जोड़ने वाला सूत्र मंगलसूत्र होता है। विवाह की रस्म मंगलसूत्र के बिना पूरी नहीं हो सकती। इसी तरह करवाचौथ पर भी सुहागन को मंगलसूत्र जरूर पहनना चाहिए। करवाचौथ पर मंगलसूत्र पहनने से पति-पत्नी का रिश्ता मजबूत होता है। साथ ही वैवाहिक जीवन को बुरी नजर भी नहीं लगती।

चूड़ियां लाती हैं धन-धान्य

करवाचौथ पर चूड़ियां पहनने से वैवाहिक जीवन धन-धान्य से संपन्न बनता है। चूड़ियां भी सुहाग का प्रतीक मानी जाती हैं, इसलिए करवाचौथ के दिन कलाइयां खाली न रखें बल्कि चूड़ियां जरूर पहनें। करवाचौथ पर लाल, हरी, पीली, मेहरुन, सुनहरी, केसरिया, गुलाबी रंगों की चूड़ियां शुभ मानी जाती हैं।

बिंदी बढ़ाती है सुंदरता

माथे पर बिंदी लगाने से माना जाता है कि स्त्री का भाग्य सूर्य के समान चमक उठता है। बिंदी लगाने से नवग्रह भी शांत रहते हैं इसलिए जीवन में मंगल और सुख-शांति का वास चाहने वाली स्त्री को करवाचौथ पर बिंदी जरूर लगानी चाहिए।

बिछिया सुहाग की निशानी

बिछिया भी सुहाग का प्रतीक मानी जाती है इसलिए करवाचौथ पर सुहागिन को बिछिया जरूर धारण करनी चाहिए। बिछिया को भाग्यवर्धक श्रृंगार माना जाता है, जिसे केवल विवाह के बाद ही धारण किया जाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version